तेज रफ्तार वाहन ने दो युवकों को रौंदा, बोरिंग का काम करने गए थे नागपुर
नागपुर, 14 दिसंबर। नागपुर में हुए सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के दो युवकों की मौत हो गई। दोनों सड़क किनारे बैठे थे तभी तेज रफ्तार वाहन उन्हें रौंदते हुए निकल गई। हादसे में दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों युवक बोरिंग का काम करने के लिए जशपुर से नागपुर गए थे। दोनों का शव जशपुर लाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक फरसाबहार ब्लॉक के सरकरा गांव निवासी पहाड़ी कोरवा सुरजीत (30 वर्ष) पुत्र दिलबोध और अनिल (18 वर्ष) पुत्र बोधन करीब तीन महीने पहले बोरिंग गाड़ी में काम करने के लिए नागपुर गए थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को काम के दौरान दोनों सड़क किनारे बैठे हुए थे। तभी उन्हें वाहन ने कुचल दिया। टक्कर से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह नहीं पता चल सका है कि टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर पता लगाने का प्रयास कर रही है। दोनों के शवों को जशपुर सांकरा के लिए भेज दिया गया है।

