भिलाई में तेज रफ्तार कार का कहर : परीक्षा देने जा रहे 2 छात्रों को मारी टक्कर

भिलाई में तेज रफ्तार कार का कहर : परीक्षा देने जा रहे 2 छात्रों को मारी टक्कर


🔴दोपहिया वाहन के पर परखच्चे

भिलाईनगर, 17 जुलाई 2026। भिलाई के गैरेज रोड पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में अज्ञात तेज रफ्तार कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी (ईवी) सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, जबकि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि दोनों छात्र परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। गैरेज रोड पहुंचते ही सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फरार कार और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होते ही आरोपी चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने हादसे को देखा हो या संबंधित वाहन के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।