दुर्ग तेज रफ्तार बनी मौत का कारण : सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, चालक पर केस दर्ज

दुर्ग तेज रफ्तार बनी मौत का कारण : सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, चालक पर केस दर्ज



दुर्ग। पाटन थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 64 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे ग्राम तर्रा के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार मुरलीधर दिवान (64 वर्ष), निवासी जामगांव, गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल रायपुर के ग्लोबल स्टार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसी रात करीब 10:30 बजे उनकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
मर्ग जांच के दौरान गवाहों के बयान और घटनास्थल के निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि मोटरसाइकिल क्रमांक CG07DA1755 का चालक नवीन कुमार यादव (36 वर्ष), निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग, तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
पाटन पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 0135/26 दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।