🛑पीएचक्यू रायपुर किए गए अटैच
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 21 जनवरी। बिलासपुर में स्पा सेंटर संचालक से वसूली मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले बुधवार सुबह मीडिया से चर्चा के दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा ने ऐसे अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर जांच करने की बात कही थी। इसके बाद अब राजेंद्र जायसवाल के खिलाफ निलंबन का आदेश कर दिया गया है। निलंबन खत्म होने तक वे पीएचक्यू रायपुर में अटैच रहेंगे।

आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो और समाचार में बिलासपुर में पदस्थ रहे तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल पर स्पा सेंटर संचालकों से अवैध रूप से धनराशि वसूलने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज द्वारा तत्काल जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर को पत्र लिखकर विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें श्री जायसवाल पर स्पा सेंटर संचालकों से हर माह अवैध वसूली करने के आरोप लगाए गए हैं। इन वीडियो की दृश्य एवं श्रव्य सामग्री पेन ड्राइव के माध्यम से पत्र के साथ संलग्न कर भेजी गई है, ताकि तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा सके।
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो में स्पा सेंटर संचालकों द्वारा कथित रूप से पूर्व एडिशनल एसपी पर दबाव बनाकर पैसे मांगने के आरोप लगाए गए हैं।
इन आरोपों को संज्ञान में लेते हुए राज्य शासन के द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है।


