भिलाई नगर, 27 मार्च। छत्तीसगढ़ की दुर्ग सेंट्रल जेल में महादेव सट्टा ऐप और हत्या के आरोपी दीपक नेपाली, तपन सरकार और मुक्कू नेपाली जैसे अपराधियों को व्हीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है। इसका खुलासा कल देर रात जेल पहुंचे दुर्ग कलेक्टर और एसपी जितेन्द्र शुक्ला को औचक निरीक्षण के दौरान हुआ। जब दुर्ग कलेक्टर और एसपी ने अपनी पूरी टीम के साथ यहां छापा मारा तो चौकाने वाले नजारे जेल में मिले। इस दौरान उनके साथ एएसपी अभिषेक झा सहित 96 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

एसपी शुक्ला जब जेल की बैरक में पहुंचे तो चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। एसपी ने जेल अधीक्षक को जमकर फटकार भी लगाई है। जेल के अंदर रेड में कई आपत्तिजनक चीजें पाई गईं हैं। गैंगस्टर तपन सरकार, मुक्कू नेपाली, दीपक नेपाली और उपेंद्र कबरा जिस बैरक में हैं, वहां उन्हें व्हीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा था। इन सभी आरोपियों को नवीन जेल परिसर में रखा गया था। दूर्ग एसपी अपनी टीम के साथ पहुंचे तो देखा कि सभी आरोपी मोटे गद्दे पर सोए हुए हैं। इनके गद्दे के नीचे से काजू, बादाम और ड्राई फ्रूट्स मिले। जब एसपी ने इसके बारे में पूछा तो जेल अधीक्षक कोई जवाब नहीं दे पाए।
आपको बता दें कि जेल में क्षमता से ज्यादा कैदी होने से कैदियों को सोने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। 20 कैदियों के बैरक में 50-60 कैदी रखे जा रहे हैं। ऐसे में गैंगस्टर तपन सरकार जेल में एक नहीं चार-चार गद्दों पर अकेला सोता हुआ मिला। इस दौरान बैरक से एक मोबाइल फोन, सिम, उस्तरा, ब्लेड और चाकू जैसे हाथ से बने औजारों के साथ ही इस्तेमाल किया चिलम, बीड़ी, सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया है। कलेक्टर और दुर्ग एसपी ने जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और सजग होकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के बाद से जले में हड़कंप मचा हुआ है।

