दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने आरामदायक यात्रा के लिए 18 ट्रेनों में लगाए थर्ड एसी इकोनामिक कोच

<em>दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने आरामदायक यात्रा के लिए 18 ट्रेनों में लगाए थर्ड एसी इकोनामिक कोच</em>


सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 14 सितंबर। एक ही ट्रेन में रेलवे अलग-अलग कोच के जरिए यात्रियों को आरामदायक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है । इनमें फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी या स्लीपर जैसे कोच होते हैं । एक आम यात्री की पहली पसंद थर्ड एसी कोच है। जिसकी मांग यात्रियों द्वारा सबसे अधिक की जाती है । इसकी मांग तथा लोकप्रियता को देखते हुये रेल मंत्रालय ने थर्ड एसी इकॉनामी कोच विकसित किया। जो कि सुविधा में परंपरागत थर्ड एसी की तुलना में अधिक बेहतर तथा आरामदायक है लेकिन इसका किराया थर्ड एसी की तुलना में काफी कम है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में भी विभिन्न ट्रेनों में इस तरह के थर्ड एसी इकॉनमी कोच लगाए गए हैं। इनमें दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस, दुर्ग-निज़ामुद्दीन, दुर्ग-जम्मूतवी, दोनों दुर्ग-नौतनवा, दुर्ग- कानपुर, दुर्ग-अजमेर एवं दुर्ग- ऊधमपुर एक्सप्रेस में थर्ड , एसी इकॉनमी कोच की सुविधा दी गई है ।


थर्ड एसी में 72 सीटें होती हैं, लेकिन एसी-3 इकोनॉमी में इससे 11 सीट अधिक अर्थात 83 सीटें होती हैं । इससे यात्रियों के लिए ज्यादा कन्फ़र्म बर्थ की सुविधा भी उपलब्ध हुई है ।
भारतीय रेलवे ने थर्ड एसी इकोनॉमी कोच का संचालन साल 2021 में शुरू किया था। थर्ड एसी इकोनॉमी कोच में हर सीट के यात्री के लिए एसी डक्ट अलग-अलग लगाया गया है । इसके साथ हर सीट के लिए बोतल स्टैंड, रीडिंग लाइट और चार्जिंग की व्यवस्था की गई है ।
लखनऊ स्थित रेलवे के रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गनाइजेशन ने AC-3 इकोनॉमी क्लास के कोच तैयार किए थे | यह थर्ड एसी स्लीपर क्लास का एडवांस वर्जन है । इसकी डिज़ाइन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन अहमदाबाद ने देश के लोगों की ट्रैवलिंग हैबिट पर रिसर्च कर तैयार की थी । इस रिसर्च में सफर के दौरान लोगों की जरूरतों का जिक्र है । इसी रिसर्च को ध्यान में रखकर नए कोच डिजाइन किए गए हैं। कोच का लेआउट स्लीपर कोच की तुलना में काफी अलग है। इनकी फिनिशिंग भी काफी लग्जरी है ।