दुर्ग, 24 जून 2026। दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते पिता की हत्या करने वाले आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विशेष बात यह रही कि जिसने अपने पिता की मौत की सूचना पुलिस को दी थी, जांच में वही हत्या का आरोपी निकला।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम नवागांव वार्ड क्रमांक 06 निवासी नीलकमल साहू ने थाना बोरी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए गए। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु होना तथा मौत की प्रकृति हत्या होना प्रमाणित हुआ।
मर्ग जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक कुलेश्वर साहू और उनके पुत्र नीलकमल साहू के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान नीलकमल ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने प्रार्थी नीलकमल साहू (19 वर्ष) निवासी ग्राम नवागांव को आरोपी के रूप में चिन्हित कर उसके विरुद्ध धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि घटना का मुख्य कारण पारिवारिक विवाद है। मामले में आवश्यक साक्ष्य सामग्री जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों का समाधान शांतिपूर्ण एवं कानूनी माध्यमों से करें तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

