हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में अब तक पूरक परीक्षा के पात्र करीब 21000 परीक्षार्थियों ने किया आवेदन, 10 अक्टूबर तक खुला रहेगा पोर्टल

<em>हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में अब तक पूरक परीक्षा के पात्र करीब 21000 परीक्षार्थियों ने किया आवेदन, 10 अक्टूबर तक खुला रहेगा पोर्टल</em>


दुर्ग 7 अक्टूबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में दो विषयों में पूरक परीक्षा संबंधी शासन का आदेश जारी होते ही ऑनलाइन पोर्टल आरंभ कर दिया गया। विश्वविद्यालय के परीक्षा उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल ने बताया कि पोर्टल प्रारंभ होने के प्रथम तीन दिनों में कुल पांच हजार ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें से अधिकांश आवेदन उन आवेदकों के है जिन्हें पूर्व में एक विषय में पूरक की पात्रता मिली थी और वें निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन जमा नहीं कर पाये थे। इनको मिलाकर अभी तक एक विषय में पूरक प्राप्त कुल इक्कीस हजार पांच सौ आवेदन विश्वविद्यालय को प्राप्त हो चुके हैं। अब दो विषय में पूरक प्राप्त परीक्षार्थी अपना आवेदन जमा कर रहे है। कल तक दो विषय में पूरक प्राप्त 1500 विद्यार्थियों ने आवेदन जमा कर दिया है।

डाॅ. राजमणि पटेल ने बताया कि दशहरा, दीपावली अवकाश एवं अगामी विधानसभा चुनावों में शासकीय महाविद्यालय के प्राध्यापकों की ट्रेनिंग तथा चुनाव ड्युटी आदि बिन्दुओं को ध्यान में रखते हुए इस बार विश्वविद्यालय अनेक परीक्षा केन्द्रों में परिवर्तन करने जा रहा है। इन परीक्षा केन्द्रों की विस्तृत जानकारी शीघ्र विश्वविद्यालय की अधिकृत वेबसाइट एवं समाचार माध्यमों के माध्यम से दी जायेगी। पूर्व में निर्धारित 23 परीक्षा केन्द्रों में परिवर्तन करते हुए लगभग 40 परीक्षाकेन्द्र बनाया जाना प्रस्तावित है।
कल विश्वविद्यालय में विभिन्न छात्रप्रतिनिधियों ने कुलपति, डाॅ. पल्टा से भेंट कर दीपावली के पूर्व समस्त पूरक परीक्षाएं संपन्न कराने का आग्रह किया। इस पर कुलपति ने सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। छात्र प्रतिनिधियों ने पूरक परीक्षा के शुल्क में किसी भी प्रकार की वृद्धि न करने के कुलपति के निर्णय का स्वागत भी किया। कुलपति, डाॅ. पल्टा ने विद्यार्थियों को जानकारी दी पूरक परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन किया जायेगा। जिससे विद्यार्थियों के मांग के अनुरूप शीघ्र परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके। डाॅ. पल्टा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। इसके पश्चात् किसी भी परिस्थिति में परीक्षा आवेदन करने की तिथि में वृद्धि नहीं की जायेगी।