छोटा सा मसला बवाल में तब्दील, सांसद बघेल और विधायक भसीन पहुंचे थाने, एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप
भिलाई नगर, 21 अप्रैल। सड़क बनाने के दौरान पाइप लीकेज का मामला थाना जा पहुँचा और पुलिस की कार्यवाही को एक पक्षीय बताते हुए सांसद विजय बघेल और विधायक विद्यारतन भसीन भी थाना पहुंच गए और सीएसपी छावनी कार्यालय में पुलिस कार्यवाही को एक पक्षीय बताते हुए जमकर ग़ुस्सा ज़ाहिर किया।
गौरतलब हो कि यह मामला भिलाई के वार्ड नंबर 30 प्रगति नगर कैंप-1 का है जिसमें पार्षद सत्या जायसवाल के दो पुत्रों शिव और प्रवीण के विरूद्ध वार्ड निवासी प्रवीण त्रिपाठी ने मारपीट की शिकायत की। पुलिस ने धारा 294, 323, 452 और 506 के तहत उन पर मामला दर्ज कर लिया जबकि मामले में पार्षद की ओर से भी आवेदन दिया गया था, उस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। विवाद की वजह निर्माणाधीन सड़क है जिससे पाइप लाइन में लीकेज आ गया। इस पर पार्षद और उनके पुत्रों से चर्चा के दौरान विवाद बढा़ और फिर सड़क पर मारपीट होने लगी थी।
कल शाम सीएसपी कार्यालय पहुँचे सांसद विजय बघेल और विधायक विद्यारतन भसीन समेत भाजपाइयों का आरोप था कि पुलिस ने एक पक्षीय कार्यवाही की है जबकि हाथापाई दोनों पक्षों ने की और वह सड़क पर हुई लेकिन यह भाजपा से जुड़े लोगों का मामला है इसलिए पुलिस ने तुरंत एफआईआर की। भाजपा के सांसद विधायक के साथ भाजपा के पार्षद और पूर्व पार्षद भी बड़ी संख्या में कल मौजूद थे। पुलिस की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि घटना की निष्पक्ष जाँच के बाद ही आगे कार्यवाही होगी। इसके बाद सासंद विजय बघेल भाजपाईयों के साथ चले गए लेकिन जाते-जाते उन्होंने कहा कि एक पक्षीय कार्यवाही हुई तो फिर सड़क की लड़ाई लड़ी जाएगी।
