BSP से करोड़ों के लौह स्क्रैप चोरी मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार

BSP से करोड़ों के लौह स्क्रैप चोरी मामले में छठा आरोपी गिरफ्तार


🔴साईं एसोसिएट्स का सुपरवाइजर निकला मास्टरमाइंड का करीबी

भिलाईनगर, 01 जून 2026। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप चोरी कर फ्लू डस्ट वाहनों के माध्यम से बाहर भेजने वाले गिरोह के खिलाफ पुरानी भिलाई पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में साईं एसोसिएट्स के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स प्लॉट नंबर 18 ए/05, हथखोज भिलाई में दबिश दी गई थी। जांच के दौरान फ्लू डस्ट से भरे वाहनों में बीएसपी का लौह स्क्रैप, प्लेट कटिंग और लोहे की बीम छिपाकर रखी गई मिली थी।

मौके से हाईवा, ट्रक, टाटा एस, जेसीबी, हाइड्रा, चेन माउंटिंग मशीन सहित भारी मात्रा में स्क्रैप बरामद किया गया था। पुलिस ने करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग जब्त की थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई। वहीं जब्त वाहनों और मशीनरी सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है।

4-5 महीने से चल रहा था चोरी का खेल

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पिछले चार से पांच महीनों से संगठित रूप से बीएसपी से लौह स्क्रैप चोरी कर रहे थे। चोरी किए गए लोहे को फ्लू डस्ट परिवहन करने वाले वाहनों में छिपाकर बाहर भेजा जाता था।

पुलिस ने पहले ही चिंतानंद साहू, जितेश वर्मा, मिथुन ठाकुर, निर्मल सिंह और रवींद्र साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।

मुख्य आरोपी संजय सिंह के इशारे पर करता था काम

विवेचना के दौरान साईं एसोसिएट्स के सुपरवाइजर घनश्याम गुप्ता की भूमिका सामने आई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में घनश्याम गुप्ता ने स्वीकार किया कि वह मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह के निर्देश पर रवींद्र साहू एवं अन्य आरोपियों के साथ मिलकर मैग्नेटिक क्रेन की मदद से बीएसपी का लोहा चोरी कर फ्लू डस्ट वाहनों में लोड करवाता था।

पुलिस का मानना है कि चोरी के पूरे नेटवर्क को संचालित करने में मुख्य भूमिका फरार आरोपी संजय सिंह की रही है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

कई धाराओं में मामला दर्ज

पुरानी भिलाई थाना में अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(4), 3(5) एवं 112 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।