भिलाईनगर, 26 अगस्त 2026। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को तत्काल घेराबंदी कर गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम के छह अधिकारी-कर्मचारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। टीम को उत्कृष्ट एवं त्वरित कार्रवाई के लिए कुल 1100 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को खुर्सीपार थाना क्षेत्र के उड़िया बस्ती, लक्ष्मी नारायण वार्ड में एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी उत्तम उर्फ पुरुषोत्तम सोना (38 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, जिला दुर्ग के कब्जे से 12 बोर की एक देशी कट्टा बंदूक और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले में आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और हथियार बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले छह अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण कंवर को 300 रुपये, सउनि तुलसीराम बिंझेकर को 200 रुपये तथा प्रधान आरक्षक राम नारायण यदु, आरक्षक चुमक सिन्हा, आरक्षक शैलेश यादव और आरक्षक राजकुमार दलई को 150-150 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने, लोगों को डराने-धमकाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ऐसी घटनाओं पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

