IG पर SI की पत्नी ने लगाया बड़ा आरोप, डांगी ने भी की ब्लैकमेलिंग की शिकायत

IG पर SI की पत्नी ने लगाया बड़ा आरोप, डांगी ने भी की ब्लैकमेलिंग की शिकायत


रायपुर, 23 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ पुलिस प्रशिक्षण अकादमी के डायरेक्टर आरएल डांगी के खिलाफ यौन उत्पीडन का मामला प्रकाश में आया है। डांगी पर एक एसआई की पत्नी ने यौन उत्पीडन के आरोप लगाए हैं। इससे परे डांगी ने शिकायतकर्ता महिला पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है, और डीजीपी को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच की मांग की है।

आईपीएस के वर्ष-2003 बैच के अफसर आरएल डांगी पर एक एसआई की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने डीजीपी से शिकायत में कहा कि वर्ष-2017 से वह डांगी के संपर्क में रही। उन्होंने आरोप लगाया कि डांगी की विभिन्न पदस्थापना के दौरान पीडिता को वीडियो कॉल के माध्यम से लगातार परेशान करते रहे। पीडिता ने यह भी बताया कि डांगी ने अपनी पत्नी की गैर मौजूदगी में व्यक्तिगत रूप से बुलाया। उन्होंने अपनी शिकायत में कथित उत्पीडन के कुछ डिजिटल साक्ष्य भी दिए हैं।

14 बिन्दूओं पर महिला के खिलाफ शिकायत

दूसरी तरफ, डांगी ने भी डीजीपी को 14 बिन्दूओं पर महिला के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला द्वारा उन्हें ब्लैकमेल किया जाते रहा है। महिला आत्महत्या तक की धमकी देती रही हैं। उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि महिला की धमकियों की वजह से पिछले दो वर्षों से मैं, और मेरा परिवार मानसिक अवसाद से गुजरते रहा है।

निराधार है आरोप – डांगी

आईजी स्तर के अफसर डांगी का यह भी कहना है कि महिला के पति से जब भी संपर्क करने की कोशिश की, तो फोन पर पत्नी की आवाज आती रही है। जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि इस षडयंत्र में महिला का पति भी बराबर का भागीदार है। तनाव के कारण मेरी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई, और हमें अस्पताल जाना पड़ा। इसी बीच आरोपी महिला मेरे घर पहुंची कर्मचारियों के मना करने के बाद भी घर में घुस गई। मेरे स्टाफ को कुछ अश्लील तस्वीरें दिखाकर मेरी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया, और जोरजोर से हंगामा किया।

डांगी ने डीजीपी से आग्रह किया है कि आरोपी महिला, और षडयंत्र में शामिल सभी अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, मानसिक प्रताडना, और जबरन घर में घुसना एवं मानहानि जैसी उचित धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की कृपा करें, ताकि मुझे और मेरे परिवार को मानसिक यंत्रणा से मुक्ति मिल सके, और हमें न्याय प्राप्त हो।

आईजी आनंद छाबड़ा करेंगे जांच

महिला के आरोपों पर पुलिस मुख्यालय ने एक जांच टीम बनाई है। केस की जांच की जिम्मेदारी आईजी आनंद छाबड़ा को सौंपी गई है। जांच अधिकारी इस पूरे प्रकरण में सबूतों को इकट्ठा करेंगे। इसके लिए पहले महिला से बात करेंगे। वहीं, मामले की जांच रिपोर्ट कब तक आएगी इसे लेकर पुलिस मुख्यालय ने कोई जानकारी नहीं दी है।

निष्पक्ष जांच की जाएगी – मुख्यमंत्री

सीएम ने कहा कि चाहे वह IPS अधिकारी हों या IAS अधिकारी, अगर किसी पर भी आरोप लगता है तो उसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।