सोशल मीडिया पर इष्ट देवता के खिलाफ अभद्र अमर्यादित टिप्पणी, कार्यवाही के लिए सिंधी जनरल पंचायत ने एसपी दुर्ग को सौंपा ज्ञापन

सोशल मीडिया पर इष्ट देवता के खिलाफ अभद्र अमर्यादित टिप्पणी, कार्यवाही के लिए सिंधी जनरल पंचायत ने एसपी दुर्ग को सौंपा ज्ञापन


भिलाई नगर 29 दिसंबर । सिंधी समाज के ईष्ट देवता भगवान श्री झूलेलाल जी के ऊपर अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी करने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग को लेकर कल पूज्य सिंधी जनरल पंचायत के द्वारा पुलिस अधीक्षक दुर्ग को ज्ञापन सौंपा गया है।

सिंधी पंचायत द्वारा ज्ञापन में उल्लेखित किया गया है कि विगत कुछ समय से सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के नाम से उनके पदाधिकारी सौरभ चन्द्राकर एवं उनके साथियों द्वारा सिंधी समाज के ईष्ट देव भगवान श्री झूलेलाल जी के ऊपर- अपमानजनक टिप्पणी की गई हैं। जिससे सिंधी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है और समाज की भावनाएं आहत हुई हैं वरन् समाज में वैमनस्यता फैलाते हुए सामाजिक तनाव का वातावरण निर्मित किया जा रहा है । जिससे छत्तीसगढ़ का शांत और सौहार्द्रपूर्ण माहौल खराब हो रहा है ।


ज्ञात हो कि विगत दिनों शासकीय रूप से प्रशासन द्वारा कटोरा तालाब का नाम सिंधी समाज की माँग पर श्री झूलेलाल सरोवर कर दिया गया है,
जो शासन प्रशासन की पूर्ण सहमति और वैधानिक तरीके से किया गया, जिस पर लगातार भगवान श्री झूलेलाल और समाज के नाम से सोशल मीडिया पर अनर्गल और अनुचित टिप्पणियों की जा रही है जिससे सिंधी समाज में रोष व्याप्त है।
दोषियों के खिलाफ तत्काल प्रथम सूचना दर्ज (FIR) करके शीघ्रातिशीघ्र ठोस कार्यवाही की जाये। जिससे वे बार-बार छत्तीसगढ़ के शांत एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को दूषित करने की हिम्मत ना कर सके । पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव को ज्ञापन सौंपने वालों में पूज्य सिंधी जनरल पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष मुरली सचदेव ,सिंधी पंचायत अध्यक्ष डॉ घनश्याम राजपाल, सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष आसनदास मोहनानी, सदानी नगर पंचायत के अध्यक्ष अटल गोंदवानी, संत कवरराम सिंधी पंचायत के अध्यक्ष किशन आहूजा शामिल थे।