सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 03 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं सरगुजा जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य रही है और इसमें सामान्य से करीब 2 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि 3 सितंबर से प्रदेश में वर्षा की तीव्रता और वितरण में कमी आने की संभावना है। हालांकि आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
पोंडी बचरा में 14 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटों में पोंडी बचरा में सर्वाधिक 14 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कुसमी में 8 सेमी, दौरा कोचली में 6 सेमी, राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी वर्षा हुई।
जनकपुर भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर, कोटाडोल, प्रतापपुर, गिधौरी टुंड्रा, दरिमा, बेलगहना, सोनहत, बिल्हा, पामगढ़, खड़गवा, मस्तूरी, लटोरी, उदयपुर और रघुनाथनगर में 3-3 सेमी वर्षा हुई। प्रदेश के अनेक अन्य स्थानों पर इससे कम बारिश दर्ज की गई।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।
कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में कम दबाव का स्पष्ट क्षेत्र बना हुआ है। इससे संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है तथा ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है।
इसके अलावा मानसून द्रोणिका श्री गंगानगर, रोहतक, कानपुर, प्रयागराज, कम दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र, रांची और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
आगामी 24 घंटों के लिए मौसम विभाग ने बेमेतरा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और मुंगेली जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
रायपुर में बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 3 सितंबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा एक-दो बार वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

