दुर्ग 21 जनवरी । अयोध्या में 22 जनवरी को श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर जिले में भी राम भक्तों एवं श्रद्धालुओं के मध्य भारी उत्साह है । इस दिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए राम मंदिरों के अलावा अन्य मंदिरों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस कड़ी में भगवान श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समिति व श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र अयोध्याधाम की जिला इकाई के बैनरतले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पूर्व संध्या पर 21 जनवरी को स्थानीय पंडित रविशंकर शुक्लास्टेडियम में 21 हजार श्रद्धालुओं द्वारा 21 बार हनुमान चालीसा का संगीतमय पाठ किया गया।
यह आयोजन आज शाम को प्रारंभ हुआ। हनुमान चालीसा पाठ में शामिल होने अलग-अलग वार्डो से श्रद्धालु राम जानकी मंदिर आमदी मंदिर रेलवे स्टेशन चौक, राम जानकी मंदिर बड़े मठ मठपारा,रामदेव बाबा मंदिर गंजपारा, श्री सीताराम पंचायती मंदिर गांधी चौक, राम जानकी मंदिर कसारीडीह, हनुमान मंदिर रायपुर नाका में एकत्रित हुए। इन धार्मिक स्थानों से श्रद्धालु शोभायात्रा के साथ पंडित रविशंकर स्टेडियम पहुंचे। जहां श्रद्धालु सामूहिक रूप से 21 बार संगीतमय हनुमान चालीसा का पाठ किया । हनुमान चालीसा के पाठ उपरांत श्रद्धालु श्री सीताराम पंचायती मंदिर गांधी चौक पहुंचेंगे, जहां श्रीराम जी की महाआरती उपरांत कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन समिति के कार्यक्रम व्यवस्थापक चतुर्भुज राठी और श्रीराम जानकी मंदिर आमदी मंदिर के व्यवस्थापक नितीश चंद्राकर, समिति के नगर संयोजक प्रमोद वाघ,सह संयोजक सुनील वैष्णव, विश्व हिंदू परिषद विभाग मंत्री अनिल गुर्जर, कार्यक्रम व्यवस्थापक महेश यादव, श्री सीताराम पंचायती मंदिर गांधी चौक समिति अध्यक्ष श्याम शर्मा ने जानकारी दी।

आयोजन समिति के व्यवस्थापक चतुर्भुज राठी ने बताया कि अयोध्या में श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को यादगार बनाने दुर्ग में 21 हजार श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से 21 बार हनुमान चालीसा के पाठ का पहली बार आयोजन हुआ है। पंडित रविशंकर स्टेडियम में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई । जिसके कारण सभी श्रद्धालु सुव्यवस्थित रूप से बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। श्री राठी ने कहा कि 492 साल बाद रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। हम स्वयं को अयोध्या में मानते हुए 21000 लोगों के साथ 21 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने इस भव्य आयोजन में भाग लिया। 6 मंदिरों से शोभायात्रा निकालकर पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम पहुंची। जहां अपार जन समुदाय के साथ उत्सव मनाया। सभी भक्त स्वयं के साधनों से स्टेडियम पहुंचे।

प्रभु श्री रामचंद्र जी के ननिहाल का विशेष महत्व है। इसलिए पहले ट्रेन भी दुर्ग रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी। आयोजन को भव्य रूप देने विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, महाकाल भक्त परिवार, हिंदू जागरण मंच, धर्म जागरण समन्वय, दुर्गा वाहिनी, पंडित दीनदयाल विचार प्रकाशन, श्री बजरंग अखाड़ा के अलावा दुर्ग शहर के विभिन्न मंदिर समिति के पदाधिकारी व सदस्य जुटे ।

