भिलाई-3 में शाहरूख की फिल्म “पठान” का जमकर विरोध, बैनर पोस्टर फाड़ लगाई आग

<em>भिलाई-3 में शाहरूख की फिल्म “पठान” का जमकर विरोध, बैनर पोस्टर फाड़ लगाई आग</em>



🛑 कहा-नहीं चलने देंगे फिल्म
भिलाई नगर, 25 जनवरी। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पठान मूवी का जमकर विरोध शुरू हो गया है। आज बजरंगियों ने शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण को देश विरोधी बताते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए भिलाई-3 की मुक्ता टॉकीज में चल रही मूवी को बंद करा दिया। इस दौरान‌ फिल्म का बैनर उतरवाया और पोस्टर को भी आग लगा दी है। अभी भिलाई-3 में भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
आज सुबह बजरंगदल के कार्यकर्ता पठान मूवी के विरोध‌ में हाथों में झंडे लेकर मुक्ता सिनेमा के बाहर पहुंचे। पहले बजरंगियों ने वहां जमकर हंगामा किया और टॉकीज के मैनेजर ने मूवी को बंद करवा दिया। इतने पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने और टॉकीज में लगे फिल्म के बैनर को उतरवाने के बाद उसे फाड़ सड़क पर फेंक आग लगा दी।


प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के शैलेंद्र सोनी ने “CG NEWS ONLINE” को बताया कि बार-बार सनातन धर्म और देश का अहित करने के लिए शाहरूख खान, दीपिका पादुकोण सहित बॉलीवुड के बहुत से लोगों ने कसम खा रखी है। इससे देश का अहित हो रहा है। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल इसका विरोध करता है। इस तरह का काम करने वाले देश विरोधियों की फिल्म हम नहीं देखेंगे और न‌ प्रदर्शन करने देंगे, क्योंकि यह पैसा कहीं न कहीं पाकिस्तान की मदद के लिए जा रहा है। शाहरूख खान ने भारत के हित के लिए कब पैसा दिया है? ये लोग देश विरोधी हैं, इनकी मूवी को नहीं चलने दिया जाएगा। बजरंग दल के कार्यकर्ता पुष्पराज सिंह सिकरवार ने कहा कि‌ शाहरुख खान आज तक भारत के समर्थन में कभी खड़े नहीं हुए। वो हमेशा पाकिस्तान के समर्थन में खड़े रहते हैं। भारत विरोधी जाकिर नाइक का भी वो समर्थन करते हैं। भारत तेरे टुकड़ें होंगे का समर्थन करने वालों के साथ दीपिका पादुकोण खड़ी होती है तो ऐसे लोगों की फिल्म हम नहीं चलने देंगे। ये भारत की धरती है और भारत में ऐसे लोगों की पिक्चर नहीं चलने देंगे।


गौरतलब हो कि पठान मूवी का गाना बेशर्म रंग जब रिलीज किया गया था और उसमें दीपिका पादुकोण को केसरिया रंग के कपड़े पहने हुए फिल्माया गया था, उसके बाद से इस मूवी का विरोध पूरे भारत में शुरू हुआ था। शाहरूख खान व दीपिका की फिल्म “पठान’ का हर तरफ विरोध होने के बाद डायरेक्टर ने इस मूवी से उस शब्द और फुटेज को भी हटाया। इसके बाद भी भगवा रंग को आहत करने वाली यह मूवी थियेटर में नहीं चल पा रही है। पहले दिन ही उसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। आज सुबह होते ही बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठन एकत्रित होकर मॉल सहित अन्य सिनेमाघरों में पहुंच गए। यहां मूवी के पोस्टर फाड़े गए। बजरंग दल के इस हंगामे को देखते हुए और हालात न बिगड़ें इसे देखते पुलिस ने सभी जगह मोर्चा संभाला। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। इसके बाद भी बजरंगियों ने मूवी का संचालन नहीं होने दिया।
बजरंग दल के नेताओं का कहना है कि जिस मूवी ने हमारी भावनाओं, धर्म को आहत किया हो उसे नहीं चलने दिया जाएगा। यदि कोई भी थियेटर मूवी का संचालन करता है तो इसके लिए वो खुद जिम्मेदार होगा।