🔴गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां में हुआ धार्मिक कार्यक्रम
भिलाई, 25 फरवरी 2026। भिलाई के सुपेला स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सात व्यक्तियों ने पुनः सिख धर्म अपनाकर ‘घर-वापसी’ की। यह कार्यक्रम सिख युवा सेवा समिति भिलाई के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू एवं छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष जसवीर सिंह चाहल के नेतृत्व में, शहर की विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
समिति पदाधिकारियों के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों ने पूर्व में पारिवारिक परिस्थितियों अथवा अन्य कारणों से धर्म परिवर्तन कर लिया था। रविवार को श्री आनंद साहिब के पाठ और अरदास के पश्चात गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सिंह सुरिंदर सिंह दर्दी द्वारा हुक्मनामा लेकर सभी को सिरोपा भेंट किया गया और उन्हें पुनः सिख पंथ में शामिल किया गया।

इस अवसर पर सिख पंचायत के महासचिव गुरनाम सिंह और सिख युवा सेवा समिति के कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम ‘मानव सेवा, माधव सेवा’ मिशन के तहत आयोजित किया गया। उपस्थित संगत ने इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि धर्म परिवर्तन कर चुके सिखों की घर-वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समुदाय के सहयोग से ऐसे परिवारों की आवश्यकताओं और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में पलविंदर सिंह रंधावा, गुरमीत सिंह गांधी, बलजिंदर सिंह कलेर, बीबी कुलवंत कौर, तजिंदर सिंह, हरपाल सिंह, जसवंत सिंह खालसा, सुच्चा सिंह, पवित्र सिंह, त्रिलोचन सिंह, कुलदीप सिंह, रणजीत सिंह, सुखदेव सिंह लाडी, जगजीत सिंह सग्गू, अमन सिंह, निर्मल सिंह रंधावा, दिग्विजय सिंह, महिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

