🔴10 वर्षों से पड़ी थी मलखानों में
दुर्ग, 15 मई 2026। जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी परिसरों में पिछले कई वर्षों से जमा जब्त शराब का गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर नष्टीकरण किया गया। दुर्ग पुलिस ने न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद करीब 65 लाख रुपए मूल्य की 15 हजार लीटर से अधिक मदिरा को नियमानुसार नष्ट किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले के अलग-अलग थानों और चौकियों में आबकारी एवं अन्य प्रकरणों में जब्त शराब पिछले लगभग 10 वर्षों से मलखानों में रखी हुई थी। लंबे समय तक मदिरा रखे रहने से थाना परिसरों में जगह की कमी हो रही थी, वहीं दुर्गंध के कारण पुलिस कर्मचारियों, फरियादियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में 15 मई 2026 को न्यायालय से अनुमति प्राप्त होने के बाद कुल 480 प्रकरणों में जब्त लगभग 15119.976 बल्क लीटर मदिरा का नष्टीकरण किया गया। पुलिस के मुताबिक नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए है।
यह कार्रवाई गठित विशेष समिति एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई। पुलिस का कहना है कि शराब हटने से थाना परिसरों में अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा, जिसका उपयोग कर्मचारियों के बैठने एवं अन्य कार्यों के लिए किया जा सकेगा।
इस कार्रवाई में जिले के सभी थाना एवं चौकी पुलिस स्टाफ, न्यायालयीन शाखा, आबकारी विभाग तथा संबंधित अधिकारियों की समन्वित भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब निर्माण, परिवहन एवं बिक्री जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

