🔴खुर्सीपार पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
भिलाईनगर, 12 सितंबर 2026। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला को देखकर कथित तौर पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले 24 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ महिला की शिकायत पर बीएनएस की धारा 332(सी), 74, 76, 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 को पीड़िता ने थाना खुर्सीपार पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वह घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी श्रीरात्रे घर में घुस आया और कथित रूप से बेइज्जती करने की नीयत से उसका हाथ-बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत मिलने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 405/2026 दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को तलाश कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने छेड़छाड़ की घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे 12 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान श्रीरात्रे पिता मानदास रात्रे (24 वर्ष), निवासी बाबा बालकनाथ मंदिर के पीछे, शास्त्री नगर, खुर्सीपार के रूप में हुई है। घटना स्थल बाबा बालकनाथ मंदिर खुर्सीपार बताया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी खुर्सीपार निरीक्षक लक्ष्मण केवट सहित हमराह स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक कृत्य की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

