🔴धमकाकर घर से जेवर चोरी कराने और ऑनलाइन बेटिंग की लत लगाने का आरोप; सुपेला पुलिस ने अनुराग कुर्रे सहित 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
भिलाईनगर, 11 अगस्त 2026। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने भिलाई नगर निगम वार्ड क्रमांक-6 के पार्षद रविशंकर कुर्रे के पुत्र अनुराग कुर्रे के खिलाफ एक और चोरी का मामला दर्ज किया है। इस बार एक महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि अनुराग कुर्रे ने नाबालिग को डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी देकर घर से सोने के जेवर चोरी कर अपने पास मंगवाए। शिकायत के मुताबिक, चोरी के बदले नाबालिग को पैसे दिए गए और उसे ऑनलाइन बेटिंग एप में पैसा लगाने की आदत भी डलवाई गई। स्मृति नगर पुलिस के द्वारा अनुराग कुर्रे सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से लगभग 8 लाख रुपए का मसूर का जप्त किया गया है।
स्मृतिनगर चौकी में इंद्रावती नगर, हाउसिंग बोर्ड निवासी शाहीन परवीन (36) ने 9 अगस्त को लिखित शिकायत दी। शिकायत के अनुसार अनुराग कुर्रे और उसके साथियों से उसके नाबालिग से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि अनुराग ने नाबालिग को धमकाकर घर से सोने के जेवर चोरी कर लाने के लिए कहा।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, नाबालिग ने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां, जिसकी कुल कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है, चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दिए।
जेवर के बदले पैसे और बेटिंग एप का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि जेवर लेने के बदले अनुराग ने उसके नाबालिग बेटे को कुछ पैसे दिए। इसके बाद उसे ऑनलाइन बेटिंग एप में पैसा लगाने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया गया। शिकायत में कहा गया है कि पिछले दो-तीन महीने से नाबालिग कथित तौर पर अनुराग के कहने पर यह गतिविधि कर रहा था।
बीएनएस की चार धाराओं में मामला दर्ज
शाहीन परवीन की रिपोर्ट पर स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 1157/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने अनुराग कुर्रे के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए), 351(3), 61(2) और 95 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
इससे पहले मोहम्मद मोहसिन खान की शिकायत पर भी स्मृतिनगर चौकी में अनुराग कुर्रे के खिलाफ इसी तरह की धाराओं में अपराध क्रमांक 1158/2026 दर्ज किया गया था। उस शिकायत में भी नाबालिग के माध्यम से करीब 2 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी कराने का आरोप लगाया गया था।
इस तरह एक ही आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग शिकायतों में दो अपराध दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों में पुलिस चोरी के जेवरों की बरामदगी, नाबालिगों से संपर्क और कथित तौर पर बेटिंग गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
स्मृतिनगर पुलिस के द्वारा द्वारा आरोपी अनुराग कुर्रे पिता रविशंकर कुर्रे 18 साल सा. संजय नगर कुम्हार पारा राहुल किराना के पास सुपेला थाना सुपेला जिला दुर्ग , करन सोनी पिता प्रहलाद सोनी उम्र 25 साल सा. दीपक किराना स्टोर्स के पास भीम नगर वार्ड नं. 10 सुपेला थाना सुपेला जिला दुर्ग . रोहित गुप्ता पिता स्व. उमेश गुप्ता 23 साल सा. संजय पारा भगत सिंह चौक वार्ड नं. 15 सुपेला थाना सुपेला जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है।

