बाढ़ में देवदूत बने SDRF जवान : 255 लोगों को सुरक्षित निकाला, 23 जवान सम्मानित

बाढ़ में देवदूत बने SDRF जवान : 255 लोगों को सुरक्षित निकाला, 23 जवान सम्मानित


दुर्ग, 06 अक्टूबर 2026। जिले में 25 से 27 सितंबर के बीच हुई भारी अतिवृष्टि के दौरान शिवनाथ, खारून नदियों और स्थानीय नालों में बढ़े जलस्तर के बीच SDRF के जवानों ने जोखिम उठाकर 255 नागरिकों की जान बचाई। इनमें वृद्धजन, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। आपदा के दौरान सराहनीय बचाव कार्य के लिए SDRF के 23 जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

भारी बारिश के कारण शिवनाथ और खारून नदियों सहित करीब 30 स्थानीय नालों का जलस्तर बढ़ गया था। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही SDRF की टीमों ने जलमग्न और जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

कई इलाकों में चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

SDRF जवानों ने थाना कुम्हारी क्षेत्र के ग्राम पाहंदा, परसदा और जगदीशबाड़ी, थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्रीनहंट कॉलोनी एवं ग्राम खुरमुड़ा, थाना बोरी क्षेत्र के ग्राम दनिया, थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम डांडेसरा सहित जिला बेमेतरा के बेरला एवं ग्राम अमलीडीहा में बचाव कार्य किया।

बचाव अभियान के दौरान फंसे नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया और आवश्यकता के अनुसार राहत शिविरों में भेजा गया। प्रतिकूल मौसम और जलभराव के बावजूद जवानों ने लगातार अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

23 जवानों को मिला प्रशस्ति पत्र

आपदा के दौरान तत्परता, साहस और जिम्मेदारी के साथ बचाव कार्य करने वाले 23 SDRF जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित जवानों में थाना पुलगांव-शिवनाथ नदी क्षेत्र से हवलदार ईश्वर खरे, आरक्षक राजेश नेताम, रमेश कुमार, गोपी पाटिल, राजेश यादव, भानुप्रताप, सूरज भांडेकर, डिल्हार देशमुख, राजू महानंद, चंद्रप्रकाश, कुंजेश देशमुख, राजेश साहू, विनय यादव सहित सैनिक राजू लाल, महेश गंधर्व, भुनेश्वर और भीषम साहू शामिल हैं।

वहीं थाना कुम्हारी-खारून नदी क्षेत्र में बचाव कार्य करने वाले आरक्षक हेमराज मेरावी एवं दिलीप कुमार, थाना भिलाई नगर क्षेत्र के जयंती स्टेडियम रूआबांधा में तैनात आरक्षक दिनेश चंद्राकर एवं सैनिक धर्मेन्द्र साहू तथा थाना नेवई-मड़ौदा डेम क्षेत्र में कार्यरत आरक्षक योगेश्वर साहू एवं सैनिक रमेश कुमार को भी सम्मानित किया गया।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अतिवृष्टि, बाढ़ अथवा जलभराव की स्थिति में नदी, नाले और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचें। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित राहत एवं बचाव दल को सूचना दें।

दुर्ग पुलिस ने कहा कि आपदा की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित राहत-बचाव के लिए पुलिस एवं SDRF लगातार तत्पर है।