लव ट्राएंगल में फँसा पेंच, पेंचकस से 26 वार कर प्रेमिका की ले ली जान

<em>लव ट्राएंगल में फँसा पेंच, पेंचकस से 26 वार कर प्रेमिका की ले ली जान</em>



🟦 फ्लाईट से कोरबा गर्लफ्रेंड से मिलने आया प्रेमी मोबाइल स्विच आफ कर हुआ फरार
कोरबा, 28 दिसंबर। कोरबा जिले में लव ट्राएंगल में हत्या का मामला सामने आया है। कोरबा की पंप हाउस कॉलोनी में एक युवती की पेंचकस से गोद कर हत्या कर दी गई है। शॉर्ट पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के मुताबिक युवती के गले, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में पेचकस जैसे नुकीले हथियार से 26 बार वार किया गया है। उसकी हत्या उसके प्रेमी शहबाद खान ने की है, पुलिस उसे तलाश रही है।
पुलिस के मुताबिक युवती नील कुसुम की हत्या के लिए शहबाद खान फ्लाइट से गुजरात से कोरबा आया था। उसने युवती को महज इस शक पर मार डाला कि वह किसी और से प्रेम करने लगी थी। फरार शहबाद की तलाश में पुलिस की 4 टीमें जुटी हैं। परिजनों ने बताया कि नील कुसुम ने 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई मदनपुर स्कूल (अकरतला) में की थी। इसके लिए वह हर दिन जिस बस से आना-जाना करती थी, आरोपी जशपुर निवासी
शहबाद उसमें कंडक्टर था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी और प्रेम संबंध बन गए। स्कूल की पढ़ाई पूरी होने के बाद नील कुसुम घर पर रहते हुए आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रही थी। नील कुसुम ने अपने प्रेमी शहबाद से धीरे-धीरे बातचीत कम कर दी। शहबाद इन दिनों गुजरात की एक कंपनी में काम कर रहा था। वहां से जब भी वह युवती को कॉल लगाने की कोशिश करता, तो उसका मोबाइल अक्सर व्यस्त रहता था। इस वजह से शहबाद को उस पर शक हो गया कि उसका किसी और युवक से भी अफेयर है। जानकारी मिली है कि पत्थलगांव के आशीष केरकेट्टा से कुसुम का अफेयर का शक शहबाद को था। इस बारे में उसने कई बार कुसुम को मारने की धमकी भी दी थी। आशीष कुसुम का दूर का रिश्तेदार था और अक्सर उसके घर आता-जाता था। शहबाद ने कुसुम को बेवफा मानते हुए उसकी हत्या की योजना बनाई। वह कुसुम की हत्या की पूरी तैयारी के साथ फ्लाइट से गुजरात से कोरबा पहुंचा और यहां आकर उसने कुसुम से संपर्क किया। 24 दिसंबर को कुसुम ने उसे अपने घर बुलाया। यहां शहबाद ने अपने प्यार का वास्ता देकर पहले तो उससे शारीरिक संबंध बनाए, फिर अचानक अपने साथ लाए पेचकस से उसके शरीर पर 26 से अधिक जगह पर वार किया। कुसुम की चीख नहीं निकले, इसके लिए उसने उसके मुंह को तकिए से दबा दिया था। वारदात के बाद आरोपी अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर भाग निकला।
सिटी कोतवाली टीआई रूपक शर्मा ने बताया कि आरोपी लगभग ट्रेस हो चुका है। मौके पर मिले सबूत, मोबाइल और वॉट्सएप कॉल डिटेल से सुराग मिला, जिससे मामला प्रेम-प्रसंग के बीच प्रेम त्रिकोण के कारण हत्या का लग रहा है। उन्होंने बताया कि गुजरात से वारदात के 2 दिन पहले आरोपी फ्लाइट से रायपुर आया। फिर बस से कोरबा पहुंचा। शहर में वह एक होटल में ठहरा था। वह युवती से वॉट्सएप कॉलिंग के जरिए संपर्क में था। युवती ने उसके कहने पर माता-पिता और भाई के बाहर होने पर घर पर बुलाया, जहां युवक ने उसकी हत्या कर दी, फिर वह फरार हो गया। पुलिस ने उसके जशपुर स्थित घर पर छापा मारा, वह वहां नहीं मिला। पुलिस की टीमें संभावित जगहों पर उसकी तलाश कर रही है। पुलिस को जांच के दौरान कमरे से अस्तव्यस्त हालत में युवती के कपड़े और आपत्तिजनक सामान भी मिले थे।
सीएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी ने बताया कि पंप हाउस कॉलोनी के आवास क्रमांक एम 271 में बुधराम पन्ना अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी डीएवी स्कूल में आया का काम करती है। शनिवार को स्कूल में एन्युअल फंक्शन था, जिसके लिए मां अपने 18 साल के बेटे नितेश के साथ सुबह जल्दी चली गई थी। वहीं बुधराम पन्ना मजदूरी करता है, वो भी अपने काम पर निकल गया था। घर में 20 साल की बेटी नील कुसुम पन्ना अकेली थी। मां को स्कूल छोड़कर जब बेटा नितेश 11 बजे घर पहुंचा, तो सामने का जालीदार दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब बहन ने कोई जवाब नहीं दिया, तो नितेश घर के पिछले हिस्से में पहुंचा। पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। वो वहां से अंदर घुसा, तो कमरे में बहन की लाश पड़ी हुई मिली। उसके चेहरे के ऊपर तकिया रखा हुआ था। भाई ने तुरंत अपने पिता को कॉल कर घटना की जानकारी दी। पिता बुधराम तुरंत घर पहुंचा और बेटी के शव को देख पुलिस को सूचना दी।