स्कार्पियो ने सात ग्रामीणों को रौंदा, तीन की दर्दनाक मौत

स्कार्पियो ने सात ग्रामीणों को रौंदा, तीन की दर्दनाक मौत


🛑 हादसा के बाद नाली में फंसा क्षतिग्रस्त स्कार्पियो


सीजी न्यूज ऑनलाइन 17 मार्च। रात में सड़क किनारे टहल रहे सात ग्रामीणों को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने रौंद दिया। हादसा में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीसरे व्यक्ति की मौत अस्पताल में हुई। वहीं चार लोग घायल है, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। चारों की स्थिति ठीक नहीं है। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है, क्योंकि सभी मृतक एक ही गांव के है।

बिरेझर पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दरबा निवासी भावेश साहू पुत्र कौशल साहू 21 वर्ष, गोलू यादव पुत्र प्रीतम यादव उम्र 24 वर्ष, बिलेश्वर सपहा पुत्र किशुन सपहा 20 वर्ष, डिगु यादव पुत्र प्रहलाद यादव, पुष्कर निर्मलकर पुत्र कन्हैया निर्मलकर, नरेंद्र यादव पुत्र धनसिंह यादव समेत अन्य ग्रामीण 16 मार्च की रात खाना खाने के बाद करीब साढ़े नौ बजे हाईवे सड़क किनारे टहल रहे थे, तभी अभनपुर की ओर से आ रहा ग्राम बेन्द्री के एक तेज रफ्तार स्कार्पियो वाहन ने सभी को रौंदते हुए अपनी चपेट में ले लिया और नाली में जाकर फंस गया। इस हादसा के बाद घायलों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण व राहगीरों की भीड़ मौके पर पहुंचकर घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जबकि घटना स्थल पर दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल की अभनपुर अस्पताल में मौत हो गई। मृतकों में ग्रामीण भावेश साहू 21 वर्ष, गोलू यादव 24 वर्ष और बिलेश्वर सपहा 20 वर्ष शामिल है। जबकि सड़क हादसा में डिगु यादव, पुष्कर निर्मलकर, नरेंद्र यादव समेत स्कार्पियो चालक भी घायल हुए है। घटना की खबर मिलने पर बिरेझर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा में गंभीर रूप से घायल भावेश, गोलू की कुरूद सिविल अस्पताल और बिलेश्वर की अभनपुर अस्पताल में मौत हो गई। डीगू, पुष्कर और नरेन्द्र तथा स्कार्पियो मालिक का उपचार अभनपुर के अस्पताल में जारी है। जबकि हादसा के दौरान एक युवक पूरी तरह से सुरक्षित है। तीनों मृत युवकों का पोस्टमार्टम 17 मार्च को किया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया गया। तीनों मृतक ग्राम दरबा के है। एक ही दिन में तीन युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर है। इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।