दुर्ग, 21 जनवरी। दुर्ग जिले के कोतवाली थाने से कुछ दूर पर स्थित सरदार पटेल चौक पर एक कार ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी है। ठोकर से पिता 20 फीट दूर जा गिरे और उनके सिर में गहरी चोट आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसका इलाज चल रहा है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि ऋषभ कॉलोनी निवासी व्यापारी प्रकाश जैन अपने बेटे प्रियंक जैन के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी पटेल चौक के पास रायपुर से राजनांदगांव की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बेटा स्कूटी चला रहा था और पिता पीछे बैठे थे। हादसा इतना भीषण था कि प्रकाश जैन हवा में उछलकर 20 फीट दूर जा गिरे। उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया और अधिक खून बहने से उनकी मौत हो गई।

आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को फोन किया। इसके बाद डायल-112 के माध्यम से प्रियंक को अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जिस कार ने स्कूटी को टक्कर मारी है, वो लाल रंग की स्विफ्ट है। उसका नंबर सीजी 08 एवी 9503 है। कार राजनांदगांव पासिंग बताई जा रही है। कार छोड़कर चालक भाग गया है। टक्कर लगने से कार के सामने के हिस्से के परखच्चे उड़ गए हैं। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

