संजय नगर खेल मैदान की नीलामी रुकी, MLA रिकेश ने 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा

संजय नगर खेल मैदान की नीलामी रुकी, MLA रिकेश ने 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा


🔴शहर का विकास जरूरी खेल मैदान की बड़ी चढ़कर नहीं रिकेश सेन


भिलाई नगर, 19 फरवरी 2026। वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने संजय नगर तालाब के पास स्थित खेल मैदान को व्यावसायिक नीलामी से बचाने के लिए बड़ी पहल की है। विधायक के हस्तक्षेप के बाद नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स निर्माण हेतु नीलामी प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। साथ ही मैदान के विकास और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है।


जानकारी के अनुसार संजय नगर वार्ड-6 के युवाओं ने विधायक से मुलाकात कर अवगत कराया कि एमआईसी के प्रस्ताव के बाद मैदान को लीज पर देने के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। मामला संज्ञान में आते ही विधायक रिकेश सेन तत्काल निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा कर टेंडर प्रक्रिया रोकने के निर्देश दिए।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि शहर का विकास आवश्यक है, लेकिन खेल मैदानों की बलि देकर नहीं। उन्होंने कहा कि संजय नगर क्षेत्र में युवाओं और बच्चों के लिए यही प्रमुख खेल मैदान है, जिसे किसी भी स्थिति में व्यावसायिक उपयोग के लिए नहीं दिया जाएगा।
श्री सेन ने पूर्व में दक्षिण गंगोत्री सर्कस ग्राउंड जैसी जमीनों के विक्रय का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे निर्णयों से शहर में सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के लिए स्थानों का अभाव पैदा हुआ है। संजय नगर मैदान के साथ ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि मैदान के समुचित विकास, बाउंड्री वॉल निर्माण तथा खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विधायक निधि अथवा प्रशासनिक मद से 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विधायक ने यह भी कहा कि कुछ लोगों द्वारा उनके नाम से मैदान में कॉम्प्लेक्स निर्माण की अफवाह फैलाई जा रही है। इस संबंध में उन्होंने दुर्ग पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक के इस निर्णय से स्थानीय खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। नागरिकों ने खेल मैदान को सुरक्षित रखने के फैसले का स्वागत किया है।