🔴इस एडिशन में भी अजेय, पहला सेमीफाइनल आज
सीजी न्यूज ऑनलाइन 4 मार्च 2026। टी-20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मैच आज साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमों की यह छठी भिड़ंत होगी। पिछले सभी पांच मुकाबले साउथ अफ्रीका ने जीते हैं। हालांकि, सेमीफाइनल में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।
इस टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका अब तक अजेय रही है और उसने एक भी मैच नहीं गंवाया है। वहीं न्यूजीलैंड को दो हार झेलनी पड़ी हैं। पहली ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही और दूसरी सुपर-8 में इंग्लैंड के खिलाफ।
न्यूजीलैंड के खिलाफ साउथ अफ्रीका आगे
न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला 2005 में खेला गया था। दोनों टीमों के बीच अब तक 19 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान प्रोटियाज टीम ने 12 मैच जीते हैं, जबकि कीवी टीम को 7 मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच आखिरी टी-20 मुकाबला इसी वर्ल्ड कप में खेला गया था, जिसे साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट से जीता था।
न्यूजीलैंड पांचवीं, साउथ अफ्रीका चौथी बार सेमीफाइनल में
न्यूजीलैंड की टीम पांचवीं बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007, 2016, 2021 और 2022 में अंतिम चार में जगह बना चुकी है, लेकिन इन चार मौकों में उसे सिर्फ एक बार ही जीत मिली।
वहीं, साउथ अफ्रीका चौथी बार सेमीफाइनल खेल रही है। इससे पहले वह 2009, 2014 और 2024 में इस स्टेज तक पहुंची थी। इनमें से 2024 में उसने सेमीफाइनल जीतकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई थी।
कप्तान मार्करम टॉप स्कोरर
इस टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान ऐडन मार्करम टीम के टॉप बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 268 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 86* रहा है और उनका स्ट्राइक रेट 175.16 है।
वहीं तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी गेंदबाजी में कमालकर रहे हैं। उन्होंने 6 मैचों में 12 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 4/31 रहा है और उनकी इकॉनॉमी 6.87 है। कागिसो रबाडा भी फॉर्म में लौट आए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 विकेट लिए थे।
रचिन टॉप विकेट टेकर
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट टीम के प्रमुख बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 216 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 89* है और स्ट्राइक रेट 157.66 रहा है।
वहीं लेफ्ट आर्म स्पिनर रचिन रवींद्र गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 9 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 4/27 रहा है और इकॉनॉमी 6.76 है।
पिच रिपोर्ट और रिकॉर्ड
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। इस वर्ल्ड कप में यहां अब तक 6 मैच खेले गए हैं। इनमें से 4 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 2 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं। इन 6 मुकाबलों में से 4 में 170+ का स्कोर बना है।
कोलकाता में अब तक 18 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने भी 9 मैच जीते हैं। यहां का बेस्ट टीम स्कोर 207/4 है, जो स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ बनाया था।
कोलकाता में बारिश की संभावना नहीं
बुधवार को कोलकाता में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। बारिश के आसार नहीं हैं। तापमान 22 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI
साउथ अफ्रीकाः
ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्त्या, क्वेना मफाका और लुंगी एनगिडी।
न्यूजीलैंड:
फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैकॉन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढी और लॉकी फर्ग्यूसन ।
कहां देख सकते हैं मैच?
इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग स्टार स्पोर्ट्स पर होगी। इसे जियोहॉटस्टार ऐप पर भी देखा जा सकता है। आप दैनिक भास्कर ऐप पर मैच का लाइव कवरेज भी फॉलो कर सकते हैं।

