भिलाई नगर, 25 जनवरी। इस्पात नगरी भिलाई के इंजीनियर्स ने एक अनोखा रोबोट का मॉडल तैयार किया है जो सोलर पैनल की चुटकियों में न सिर्फ सफाई करेगा बल्कि सफाई में व्यर्थ होने वाले हजारों लीटर पानी को भी बचाएगा। भिलाई के रूंगटा कॉलेज में तैयार इस रोबोट के लिए भारत सरकार द्वारा पेटेंट जारी होने के बाद रोबोट को फाइनल टच दिया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक इस रोबोट का मॉडल रुंगटा (आर-1) इंजीनियरिंग कॉलेज में मैकेनिकल डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ. मनोज चौधरी, डॉ. मनमोहन सोनी और डॉ. अग्निवेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में इंजीनियर्स ने तैयार किया है। छत्तीसगढ़ में सोलर पॉवर उपयोग बड़े पैमाने पर होने के मद्देनजर इस रोबोट की परिकल्पना को साकार रूप दिया गया है।
विदित हो कि आज कल घरों से लेकर बड़े क्षेत्रफल में छोटे-बड़े सोलर प्लांट में लगाए जा रहे हैं जिनके सोलर पैनल धूल से गंदे होने के बाद उतनी बिजली नहीं दे पाते जितनी की उन्हें देना चाहिए। ऐसे में लोगों के लिए इन्हें साफ करना एक बड़ी चुनौती है। रूंगटा कालेज में बनाया गया एक छोटा सा रोबोट यह काम कुछ ही घंटों में कर देगा। वो न सिर्फ सोलर पैनल को पूरी तरह से क्लीन करेगा, बल्कि पानी की बर्बादी भी रोकेगा। इस रोबोट को प्रभावी बनाने के लिए कई सोलर पैनल निर्माता बड़ी कंपनियों से इसकी टेस्टिंग कराने की योजना है। रोबोट को आकार दे रहे प्रोफेसर्स ने बताया कि अभी सोलर प्लांट या घरों में लगे सोलर पैनल को हाथों से साफ करना पड़ता है। इस कार्य में पानी बहुत अधिक बर्बाद होता है। वहीं पैनल भी पूरी तरह से साफ नहीं हो पाते। धूल के कणों से पैनल पर कई लेयर बन जाती है। इसे साफ करने में समय और श्रम लगता है। रोबोट इन पैनल को बिना नुकसान पहुंचाए पूरी तरह से साफ कर पाएगा।
प्रोफेसर डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि रोबोट को पैनल पर छोड़ दिया जाएगा। इसमें कई तरह के सेंसर लगाए गए हैं, जो पैनल पर लगी गंदगी को देखकर उसी आधार पर सफाई प्रोग्राम का चयन करेंगे और इसमें लगे विशेष वाइपर पैनल को डैमेज नहीं होने देंगे। रोबोट रिमोर्ट कंट्रोलर से ऑपरेट होगा। इसमें लगा कैमरा इंजीनियर को यह भी बताएगा कि कितने हिस्से में कैसी सफाई की गई है। रोबोट को महज 10 से 15 हजार रुपए के खर्च में तैयार किया जा रहा है। रोबोट इजाद करने में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश हिमते और सेंट्रल रिसर्च कमेटी के प्रोफेसर रामकृष्ण राठौर का भी सहयोग रहा है।
हजारों लीटर पानी और मैन पावर बचाएगा भिलाई में तैयार “रोबोट” 🔵 पेटेंट मिलने के बाद निजी कालेज में दिया जा रहा फायनल टच


