🔴अज्ञात वाहन चालक फरार, मामला दर्ज
दुर्ग, 05 मार्च 2026। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्ग-धमधा मेन रोड पर ग्राम कोडिया शीतला तालाब मंदिर के पास हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मिलन कुमार ठाकुर (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 6 पथरिया मेडेसरा, थाना नंदिनी नगर, 3 मार्च 2026 को अपनी स्कूटी क्रमांक CG07BF0896 से चिखली-दुर्ग-जेवरा सिरसा क्षेत्र स्थित एक गैरेज में काम पर गया था। शाम को वापस लौटते समय करीब 5:20 बजे ग्राम कोडिया के पास किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में मिलन कुमार के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल उपचार हेतु चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, कचांदूर में भर्ती कराया गया, जहां शाम करीब 6:00 बजे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। डॉक्टर द्वारा एमएलसी रिपोर्ट में उसे ‘ब्रॉट डेड’ बताया गया है तथा सिर में गंभीर चोट और मस्तिष्क के बाहर निकलने (एक्सपोजर) का उल्लेख किया गया है।
मामले में थाना पुलगांव की चौकी जेवरा सिरसा में प्रारंभिक मर्ग कायम किया गया था। बाद में थाना नंदिनी नगर में मर्ग क्रमांक 18/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की गई। जांच में प्रथम दृष्टया अज्ञात वाहन चालक द्वारा तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना पाया गया, जिस पर धारा 281, 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की सूचना एसडीएम भिलाई-3 को भी प्रेषित की गई है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके

