भिलाई में सड़क हादसा, 2 की मौत, बाइक सवार युवक व साइकिल सवार बुजुर्ग की गई जान

भिलाई में सड़क हादसा, 2 की मौत, बाइक सवार युवक व साइकिल सवार बुजुर्ग की गई जान


भिलाईनगर, 17 जून। भिलाई के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक युवक और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक के पास मंगलवार रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक स्पीड ब्रेकर से टकराकर असंतुलित हो गए और सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान एक युवक यश पांडे (22 वर्ष) अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद उसका साथी मौके पर हंगामा करने लगा। सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दोनों युवक नशे की हालत में थे। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वह इलाज के दौरान मौका पाकर वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

छोटा हाथी वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

एक अन्य हादसे में जामुल थाना क्षेत्र में टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। जामुल थाना प्रभारी रामन सिंह के अनुसार मंगलवार शाम करीब 6 बजे टाटा एस वाहन क्रमांक CG 07 CE 5930 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल सवार शिवदयाल कश्यप (65 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड, इंदिरा नगर हाथखोज को टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल शिवदयाल कश्यप की मौत हो गई। बताया गया है कि वे अपने पुत्र के निर्माणाधीन मकान को देखने गए थे और वापस घर लौट रहे थे, तभी दुर्घटना का शिकार हो गए।

पुलिस ने मामले में आरोपी चालक दीपक कुमार (33 वर्ष) निवासी ढांचा भवन, कुरूद को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।