कोहका में अवैध पेट्रोल पंप निर्माण से बढ़ा खतरा, निगम कमिश्नर से शिकायत

कोहका में अवैध पेट्रोल पंप निर्माण से बढ़ा खतरा, निगम कमिश्नर से शिकायत


🔴12 फीट गहरे गड्ढे के कारण बिजली पोल पर संकट

भिलाईनगर, 18 जून 2026। कुरूद रोड स्थित कोहका क्षेत्र में कथित अवैध पेट्रोल पंप निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सड़क किनारे लगभग 12 फीट गहरा गड्ढा खोदे जाने से बिजली के खंभे की नींव कमजोर पड़ने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण स्थल के पास एक स्कूल भी संचालित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे बच्चे आते-जाते हैं। ऐसे में यदि बिजली का खंभा गिरता है या कोई वाहन गड्ढे में जा गिरता है, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

भाजपा प्रदेश संवाद प्रमुख एवं झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के संयोजक शारदा गुप्ता ने इस मामले की शिकायत नगर निगम आयुक्त से की थी। शिकायत के बाद निगम आयुक्त ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

नागरिकों का कहना है कि प्रशासन ने संबंधित पेट्रोल पंप निर्माण पर रोक तो लगा दी है, लेकिन निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढे को सुरक्षित नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र में लगातार खतरे की स्थिति बनी हुई है। मामले की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक भी भेजी जा चुकी है।

शारदा गुप्ता ने मांग की है कि बिजली पोल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल तकनीकी उपाय किए जाएं, गड्ढे को सुरक्षित रूप से भरा जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते कदम उठाने चाहिए।