नजूल अधिकारी दुर्ग पर राजस्व निरीक्षको ने लगाया दुर्व्यवहार व अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का आरोप, राजस्व निरीक्षक संघ दुर्ग ने की कलेक्टर से शिकायत
भिलाई नगर 25 जून । छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ के द्वारा नजूल अधिकारी दुर्ग सुश्री प्रियंका वर्मा द्वारा राजस्व निरीक्षको के साथ किए गए दुर्व्यवहार की शिकायत कलेक्टर दुर्ग से करते हुए शीघ्र ही कार्यवाही करने की मांग की है शिकायत की प्रतिलिपि संघ के द्वारा संभाग आयुक्त दुर्ग एवं छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ के प्रांत अध्यक्ष को भी सौंपी गई है।

छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ जिला दुर्ग के द्वारा आरोप लगाया गया है कि नजूल अधिकारी सुश्री प्रियंका वर्मा द्वारा लंबे समय से राजस्व निरीक्षको के साथ अप्रशासनिक एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग, दुर्व्यवहार करते हुए अनावश्यक रूप से जिले के नजूल शाखा में भय पूर्ण माहौल निर्मित कर दिया गया है, जिसके कारण नजूल शाखा में पदस्थ राजस्व निरीक्षक स्वयं को प्रताड़ित महसूस कर अपने पदीय कर्त्तव्यों का निर्वाहन करने में असहजता महसूस कर रहे हैं। उक्त मामले के संबंध में नजूल शाखा में पदस्थ राजस्व निरीक्षको का हस्ताक्षरमय आवेदन पत्र राजस्व निरीक्षक. संघ जिला शाखा दुर्ग को प्राप्त हुआ है। संघ के द्वारा जांच पड़ताल एवं समीक्षा करने पर यह पाया गया कि नजूल अधिकारी द्वारा नजूल शाखा में लगातार दमनात्मक रवैया अपनाते हुए भय पूर्ण माहौल निर्मित किया गया हैं, जिसकी राजस्व निरीक्षक संघ जिला शाखा दुर्ग एक स्वर में घोर निंदा करता है। राजस्व निरीक्षक संघ यह मांग करता हैं, कि उक्त मामले को संज्ञान में लेकर संबंधित नजूल अधिकारी पर कार्यवाही करते हुए कार्य स्थल में सौहार्द पूर्ण माहौल निर्मित करने हेतु तत्काल निर्देशित करने का कष्ट करे | उक्त समस्या का निवारण न होने की स्थिति में राजस्व निरीक्षक. संघ सर्वसहमति से निर्णय लेने हेतु बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी।

