🔴₹5.28 करोड़ की अतिरिक्त संपत्ति का खुलासा
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन 2026। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ज्ञात एवं वैध आय से ₹5.28 करोड़ अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू/एसीबी के अनुसार, राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय (63), जो छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड के प्रक्रिया केंद्र अजिरमा (जिला सरगुजा) में उत्पादन सहायक तथा बाद में बीज प्रबंधक के पद पर कार्यरत रहे, के विरुद्ध थाना ईओडब्ल्यू/एसीबी रायपुर में अपराध क्रमांक 15/2020 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं 13(1)(बी) एवं 13(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच की गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने जांच अवधि के दौरान अपने ज्ञात एवं वैध स्रोतों से ₹6,00,47,497.77 की आय अर्जित की, जबकि इसी अवधि में उसने ₹11,28,67,045.50 का व्यय किया। इस प्रकार उसके द्वारा ₹5,28,19,547.73 का अतिरिक्त व्यय किया गया, जो उसकी वैध आय से 87.96 प्रतिशत अधिक पाया गया।
विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद ईओडब्ल्यू/एसीबी ने 17 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय, बैकुण्ठपुर (जिला कोरिया) में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड में जिला जेल बैकुण्ठपुर भेज दिया गया।
ईओडब्ल्यू/एसीबी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के दौरान आरोपी की आय, संपत्तियों और व्यय का विस्तृत परीक्षण किया गया, जिसमें आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के पर्याप्त प्रमाण मिले। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

