दुर्ग 9 अक्टूबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा वार्षिक परीक्षा 2023 से संबंधित स्नातक कक्षाओं के पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्गणना के लगभग सभी परिणाम घोषित कर दिये गये है। इन परिणामों के फलस्वरूप यदि कोई विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित होते हैं तो वें परिणाम घोषित होने की 10 दिवस के अंदर संबंधित महाविद्यालय में स्नातक द्वितीय अथवा स्नातक तृतीय कक्षा में नियमित प्रवेष ले सकते है। इस संबंध में विश्वविद्यालय द्वारा आज अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप तथा परीक्षा उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल ने बताया कि इसी प्रकार उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के आदेशानुसार जिन विद्यार्थियों को दो विषय में पूरक की पात्रता प्राप्त हुई है वें विद्यार्थी भी 13 अक्टूबर 2023 तक संबंधित महाविद्यालय में अस्थायी रूप से प्रवेश ले सकते है।
भूपेन्द्र कुलदीप ने बताया कि अब चुंकि चुनाव आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश में चुनाव की तिथि की घोषणा की जा चुकी है अतः विश्वविद्यालय की पूरक परीक्षाओं के आयोजन संबंधी परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण एवं तिथियां में भी संशोधन की प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन अगामी एक-दो दिनों में पूरक परीक्षा के केन्द्रों की सूची जारी करेगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय की कुलपति प्राचार्यो की बैठक लेकर तय करेंगी। विद्यार्थी इस बात का ध्यान रखे कि उनके परीक्षा प्रवेश पत्र पर जो परीक्षा केन्द्र अंकित होगा उसी केन्द्र पर उन्हें परीक्षा देनी होगी।
परीक्षा उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल के अनुसार 10 अक्टूबर पूरक परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि है अतः पूरक की पात्रता प्राप्त प्रत्येक विद्यार्थी को निर्धारित तिथि के पूर्व अपना ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर देना चाहिए। आज तक विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पूरक परीक्षा से संबंधित 29710 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

