पीजी डिप्लोमा इन योगा एजुकेशन एण्ड फिलाॅसफी प्रथम सेमेस्टर,बीएड तृतीय सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित, केंद्रीय मूल्यांकन के कारण जल्द घोषित हुए परिणाम

<em>पीजी डिप्लोमा इन योगा एजुकेशन एण्ड फिलाॅसफी प्रथम सेमेस्टर,बीएड तृतीय सेमेस्टर का रिजल्ट घोषित, केंद्रीय मूल्यांकन के कारण जल्द घोषित हुए परिणाम</em>


दुर्ग 20 जनवरी । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा दिसंबर-जनवरी में आयोजित सेमेस्टर परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के केन्द्रीय मूल्यांकन के फलस्वरूप विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने सेमेस्टर परीक्षाओं के आरंभ होने के 20 दिनों में 02 परीक्षा परिणाम जारी कर दिये। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी परीक्षा परिणामों में पीजी डिप्लोमा इन योगा एजुकेशन एण्ड फिलाॅसफी प्रथम सेमेस्टर में शामिल 170 परीक्षार्थियों में से 163 परीक्षार्थी सफल रहे, 05 परीक्षार्थियों को एटीकेटी प्राप्त हुई। इनका कुल परीक्षा 95 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार बीएड तृतीय सेमेस्टर में शामिल 4860 परीक्षार्थियों में उत्तीर्ण 4806 रहे, तथा एटीकेटी 29 परीक्षार्थियों को प्राप्त हुई तथा 21 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम रोके गये, 04 परीक्षार्थी के विरूद्ध अनुचित साधन का प्रकरण दर्ज हुआ।
डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा द्वारा केन्द्रीय मूल्यांकन के तीनों कक्षों का प्रतिदिन निरीक्षण तथा आवश्यक दिशा निर्देश की वजह से विश्वविद्यालय इतने कम समय में परीक्षा परिणाम घोषित करने में सफल रहा। वर्तमान में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में प्रतिदिन विभिन्न शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के 75 प्राध्यापक मूल्यांकन कार्य कर रहे है। कुलपति ने प्रत्येक मूल्यांकनकर्ताओं को निष्ठापूर्वक एवं छात्रहित में सावधानी से मूल्यांकन के निर्देश दिये है। डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय शीघ्र एमएड तथा होमसाइंस आदि विषयों के परिणाम घोषित करेगा।