भिलाईनगर, 20 मई 2026। स्मृति नगर रोड स्थित जगदंबा डेयरी के पास इन दिनों लगातार लग रहे जाम से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त समय में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जनहित संघर्ष समिति के संयोजक शारदा गुप्ता ने बताया कि 19 मई को जाम के दौरान एक एंबुलेंस भी फंस गई थी, जिसे बाद में वापस लौटकर दूसरे रास्ते से जाना पड़ा। इसका वीडियो भी उनके पास उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क पर भारी वाहनों के आने और टर्न लेने में परेशानी होने के कारण अक्सर पूरी सड़क जाम हो जाती है। मंगलवार शाम को भी एक हाईवा ट्रक के कारण लंबा जाम लग गया, क्योंकि सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं थी।
शारदा गुप्ता ने कहा कि इस मार्ग पर शैक्षणिक संस्थानों, चौपाटी और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि झरोखा मैरिज प्लेस के पास शादी समारोह के दौरान भी लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं, इसलिए वहां वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की जरूरत है।
जनहित संघर्ष समिति ने मांग की है कि इस रोड पर डायल-112 वाहनों की नियमित गश्त कराई जाए और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क चौड़ीकरण एवं बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। समिति ने इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, सांसद विजय बघेल एवं स्थानीय विधायक को भी अवगत कराया है।
मांग करने वालों में प्रमुख रूप से शारदा गुप्ता, विनोद उपाध्याय, निशु पांडे, डॉ. रमेश श्रीवास्तव, कन्हैया सोनी, बृजमोहन उपाध्याय, बंटी नाहर, अखिलेश वर्मा, जेपी घनघोरकर, संतोष जायसवाल, गुरनाम सिंह, हंसराज पटेल, सुभाष शर्मा, प्रदीप पांडे, टिंकू, रमेश देशमुख, नेहरू साहू, तुषार देवांगन, निर्मल भारती, छोटू पासवान, मृगेंद्र कुमार, हरीशचंद्र भारती, शक्ति सिंह, संजय दुबे, संजय साहू, गिरीश दिलीप दामले, नरेश, संतोष सोनी, अमोल साहू, अनिल सिंह, पीसी प्रसाद एवं योगेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

