🟠 बीमार पिता को हास्पिटल से घर लेकर आ रहा था युवक
🟠 चार शराबी युवकों की मारपीट ने पहुंचाया हास्पिटल
भिलाई नगर, 14 अक्टूबर। कोतवाली थानांतर्गत अपने बीमार पिता को हास्पिटल से घर लेकर आ रहे युवक का स्कूटर रोक सेक्टर-10 चौक के समीप आरोपियों ने शराब पीने के लिए जबरिया रूपये मांगे और जब उसने रूपये न होने की बात कही तो आगबबूला हो उसे जमकर पीटा। युवक के सिर पर बियर की खाली बोतलों से मारने से उसे गंभीर चोट आई है। लहूलुहान युवक को श्री शंकराचार्य हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी डी अजय, डी बालू, विशाल और अल्ताफ के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506, 327 और 341 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।
भिलाई नगर थाना एसआई भागवत ठाकुर ने बताया कि स्ट्रीट-59, क्वा नं 6/ए, सेक्टर-6 निवासी आर रवि पेशे से कैटरिंग का काम करता है। उसने बताया कि तेलुगू मोहल्ला के डी अजय, बालु, विशाल व अल्ताफ हमेशा उसे डरा कर शराब पीने के लिये पैसा लेते रहे हैं। वह अपने पिता आर गोपी को सेक्टर-9 अस्पताल से लेकर स्कूटी से घर लौट रहा था तभी चारों आरोपियों ग्लोब चौक पर उसे रोक शराब के लिए रूपये मांगे और हाथ-लात से मारपीट करने लगे। डी अजय एवं बालु ने खाली बीयर बोतल से उसके सिर में मारकर चोट पहुचाया और मौके से भाग गए।

