राज्यसभा चुनाव : कल नामांकन का अंतिम दिन, लक्ष्मी दाखिल करेंगी पर्चा

राज्यसभा चुनाव : कल नामांकन का अंतिम दिन, लक्ष्मी दाखिल करेंगी पर्चा


🔴कांग्रेस ने फूलोदेवी नेताम को फिर दिया मौका

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 04 मार्च 2026। राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। छत्तीसगढ़ की दो रिक्त सीटों के लिए गुरुवार नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे।
भाजपा की घोषित प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मी वर्मा कल अपना नामांकन दाखिल करेंगी। वे पहले ही नामांकन पत्र खरीद चुकी हैं। नामांकन पत्र लेने के लिए संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप विधानसभा पहुंचे थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूर्व विधायक एवं प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडेय ने भी नामांकन पत्र खरीदा है और वे डमी प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल कर सकते हैं।
वहीं कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने मौजूदा राज्यसभा सदस्य फूलोदेवी नेताम को दोबारा मौका दिया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और फूलोदेवी नेताम के नाम पर मंथन हुआ था। संगठनात्मक संतुलन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अंततः फूलोदेवी नेताम के नाम पर सहमति बनी।
नाम की घोषणा के बाद फूलोदेवी नेताम ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के आधार पर भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना संभावित है।