छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, 3 जिलों में ऑरेंज और 27 जिलों में येलो अलर्ट;

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, 3 जिलों में ऑरेंज और 27 जिलों में येलो अलर्ट;


🔴 दुर्ग समेत कई जिलों में गरज-चमक की चेतावनी

सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 18 अगस्त 2026। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने अवदाब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर वर्षा हुई। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने 18 अगस्त को बलरामपुर, जशपुर और सरगुजा जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कोरिया, सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर में मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

कोरबा में 17 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों में कोरबा में सर्वाधिक 17 सेमी वर्षा दर्ज की गई। कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी, डौंडीलोहारा में 7 सेमी, ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश हुई। लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

कुमरदा, बागबहार, जनकपुर भरतपुर और उदयपुर में 4-4 सेमी, जबकि लवन, लैलूंगा, रघुनाथनगर, धमतरी, छुरिया, मैनपाट, डौंडी, माना-रायपुर, लटोरी, घरघोड़ा, करतला, केल्हारी, तमनार और अन्य स्थानों पर 3 सेमी तक वर्षा हुई।

अवदाब के कारण बढ़ी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब पिछले छह घंटों में करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है। 17 अगस्त की सुबह 11:30 बजे यह पश्चिम बंगाल के कोलकाता के करीब केंद्रित था। इसके अगले 24 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार से होकर गुजरने की संभावना जताई गई है।

इसके प्रभाव से प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दुर्ग समेत कई जिलों में तेज हवा और गरज-चमक का नाउकास्ट


भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने 18 अगस्त को दोपहर 1:12 बजे से शाम 4:12 बजे तक प्रभावी जिला स्तरीय नाउकास्ट जारी किया है। इसके अनुसार धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ मध्यम गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है।
वहीं दुर्ग समेत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, बेमेतरा और कबीरधाम सहित कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ हल्की गरज-चमक और बारिश का अनुमान है।

दुर्ग में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में भी प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान जताया है। एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना बनी हुई है।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 18 अगस्त को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने अलर्ट वाले जिलों में लोगों से विशेष सावधानी बरतने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।