सिरसा अण्डरब्रिज की नई सड़क के 15 दिन में उखड़ने के सवाल पर चौंके रेलवे GM

सिरसा अण्डरब्रिज की नई सड़क के 15 दिन में उखड़ने के सवाल पर चौंके रेलवे GM


🛑 रेलवे जोन महाप्रबंधक ने किया भिलाई-3 स्टेशन का निरीक्षण

भिलाई नगर 19 जनवरी। बिलासपुर रेलवे जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज भिलाई-3 स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान पुनर्निर्माण के पखवाड़े भर के भीतर ही सिरसा गेट अण्डरब्रिज की नई सड़क के उखड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर वे चौंक पड़े। तत्काल एक्शन लेते हुए उन्होंने अण्डरब्रिज की सड़क का मुआयना करने अधिकारियों को इशारा किया। वहीं कुछ चुनिंदा एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज की स्थानीय मांग पर जोन महाप्रबंधक का रवैय्या टालमटोल भरा रहा।
बिलासपुर रेलवे जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश आज पूर्वाह्न सवा 11 बजे विशेष सेलून से भिलाई-3 स्टेशन पहुंचे। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 से वे प्लेटफार्म नंबर 1 पर आकर उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए विकास कार्यों का अवलोकन किया।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने महाप्रबंधक को सबसे पहले स्टेशन के विकास का नक्शा दिखाया। फिर उन्होंने महिला व सामान्य यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पेयजल व प्रसाधन सुविधा सहित स्टेशन के बाहर पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतीक्षालय में रखी गई टूटी हुई कुर्सी को देख उन्होंने नाराजगी जताई।
पूरे 23 दिनों तक आवागमन बंद रखकर सिरसा गेट अण्डरब्रिज में बनाई गई नई सड़क के पखवाड़े भर में उखड़ने के सवाल पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश चौंक पड़े। उन्होंने इशारे ही इशारों में अधिकारियों को अण्डरब्रिज की सड़क का मुआयना करने का निर्देश दिया। दिव्यांग जनों के लिए एक नंबर प्लेटफार्म से दूसरे में आने जाने के लिए जीआरपी थाने के छोर पर रैम्प बनाने अधिकारियों के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि जब स्टेशन का पुनर्निर्माण हो रहा था तब उनका ध्यान कहां था। वहीं एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज को लेकर भी उन्होंने कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया।

00 संगठन प्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन


इस अवसर पर प्रगतिशील रेल कल्याण एवं विकास समिति के अध्यक्ष अब्दुल सत्तार ने दुर्ग से शुरू होने वाली कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को भिलाई-3 में स्टापेज देने की मांग की। अधिवक्ता संघ पुरानी भिलाई के अध्यक्ष रमेश सिंह ने महाप्रबंधक को बताया कि यहां व्यवहार न्यायालय है। निकट भविष्य में एडीजे कोर्ट व कुटुम्ब न्यायालय खुलने वाली है। इसके चलते बाहर से आने वाले पक्षकारों की सुविधा के लिए कुछ चुनिंदा एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टापेज दिया जाना चाहिए। उन्होंने स्टेशन आने जाने वालों की सुविधा के लिहाज से फोरलेन सड़क पर चौक निर्माण के लिए पहल करने का आग्रह महाप्रबंधक से किया। वहीं स्टेशन नवनिर्माण के बाद 1888 से हुए प्रगति को प्रदर्शित करने टिकट काउंटर के पास लगाए गए बोर्ड में जंक्शन का उल्लेख नहीं किए जाने की ओर रेलवे जोन महाप्रबंधक का ध्यानाकर्षण कराया गया। रिसाली निगम की पार्षद रंजीता बेनुआ ने निकट भविष्य में मौजूदा फुट ओवरब्रिज से हो रही आवाजाही पर रोक लगने की चल रही चर्चा के आधार पर पुरैना के लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए गांधी नगर ओएचई ऑफिस के पास से एक छोटा अण्डरब्रिज बनाने की मांग रखी।