रायगढ पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई : ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा व हवाला सिंडिकेट का भंडाफोड़

रायगढ पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई : ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा व हवाला सिंडिकेट का भंडाफोड़


🔴1 करोड़ से ज्यादा नकदी जब्त

सीजी न्यूज ऑनलाइन 13 मई 2026। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े हवाला नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के संगठित आर्थिक अपराध सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 26 अप्रैल को रायगढ़ शहर और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर दबिश देकर छह आरोपियों को पकड़ा गया था। प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और नगदी बरामद हुई थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने रायगढ़ के खाईवाल करन चौधरी और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के इशारे पर पूरे नेटवर्क के संचालन की जानकारी दी।


इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल इनपुट, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और फाइनेंशियल ट्रेल की जांच शुरू की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी करन चौधरी रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर से लेकर दिल्ली तक फैले नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का संचालन कर रहा था। सट्टे से अर्जित रकम को सीधे अपने पास रखने के बजाय कारोबारी चैनलों और हवाला नेटवर्क के माध्यम से ठिकाने लगाया जा रहा था।
पुलिस जांच में कृष्ण प्राइड टावर निवासी पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल की भूमिका भी सामने आई, जो कथित रूप से सट्टे की ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट करने का काम कर रहे थे। पुलिस ने फ्लैट में छापेमारी कर सुनील अग्रवाल के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए। वहीं पुष्कर अग्रवाल के पास से 52 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने निजी बैंक खातों के बजाय कर्मचारियों और परिचितों के खातों एवं मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर लेनदेन कर रहे थे, ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल (29 वर्ष), पुष्कर अग्रवाल (26 वर्ष) और सुनील कुमार अग्रवाल (58 वर्ष) के रूप में की है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) सहित जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार इस सिंडिकेट की अहम कड़ी है, जिसकी तलाश जारी है। उसके पकड़े जाने पर नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा तथा आर्थिक अपराधों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।