🔴गोवा से 6 सटोरिये गिरफ्तार, “मन्नू नथानी गैंग” से जुड़े तार
सीजी न्यूज ऑनलाइन 16 मई 2026। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य भारत के सबसे बड़े सट्टा सिंडिकेट पर प्रहार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोवा में दबिश देकर 6 बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करोड़ों के हवाला लेनदेन, डिजिटल बेटिंग आईडी और महादेव सट्टा तर्ज पर चल रहे नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
गोवा के विला में चल रहा था सट्टा कारोबार
रायगढ़ पुलिस की साइबर और कोतवाली टीम ने तकनीकी निगरानी के बाद गोवा के कैंडोलिम बीच क्षेत्र स्थित किराए के विला में छापा मारा। यहां आरोपी अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते मिले।
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब-किताब के दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश में जुट गए थे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
रायगढ़ से गोवा तक फैला नेटवर्क
जांच में सामने आया कि सट्टा नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, सक्ती, खरसिया और नागपुर तक फैला हुआ था। आरोपी हैदराबाद और मुंबई के जरिए गोवा में बैठकर पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार पहले गिरफ्तार आरोपी करण चौधरी उर्फ करण अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल से पूछताछ के दौरान हवाला लेनदेन और अमित मित्तल गैंग की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
ऐसे चलता था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा
पुलिस जांच में क्रिकेट सट्टा ऑपरेट करने के तीन बड़े तरीके सामने आए हैं—
- “अभिनंदन बुक/लाइन” से मिलता था भाव
रायपुर से क्रिकेट सेशन का भाव लेकर APK बेस्ड Zoom App के जरिए नीचे खाईवालों और प्लेयर्स तक पहुंचाया जाता था।
- 7 सेकंड पहले दिखता था मैच
सटोरिये “प्रगति टीवी ऐप” और “स्टार लाइव” जैसे APK ऐप का इस्तेमाल करते थे, जिसमें लाइव मैच लगभग 7 सेकंड पहले दिखाई देता था। इसी एडवांटेज के जरिए नीचे बैठे प्लेयर्स को भाव दिया जाता था।
- बेटिंग ऐप से खेलाया जाता था जुआ
महादेव सट्टा की तर्ज पर All Panel Exchange, Taj 777 और Diamond Exchange जैसी बेटिंग आईडी उपलब्ध कराई जाती थी।
“मन्नू नथानी गैंग” से जुड़े तार
तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा से खुलासा हुआ कि आरोपी मध्य भारत के चर्चित “मन्नू नथानी” सट्टा नेटवर्क से जुड़े हुए थे। आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, मटका और डिजिटल बेटिंग आईडी के जरिए संगठित अपराध को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस को एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।
हवाला नेटवर्क का भी खुलासा
पूछताछ में सामने आया कि गैंग हवाला के जरिए रकम ट्रांसफर करता था। मोबाइल फोन में नोटों के सीरियल नंबर साझा कर भरोसे के आधार पर पैसों का लेनदेन किया जाता था। इससे पहले भी इस मामले में एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी जब्त की जा चुकी है।
दुबई से आती थी क्रिकेट बेटिंग आईडी
पुलिस जांच में पता चला कि दुबई से क्रिकेट बेटिंग आईडी महानगरों के बड़े खाईवालों तक पहुंचती थी। वहां से रायपुर, नागपुर और मध्य भारत के अन्य शहरों में छोटे एजेंटों और प्लेयर्स को कमीशन पर आईडी उपलब्ध कराई जाती थी।
सभी आरोपी पुराने सटोरिये
पुलिस के अनुसार आरोपी अमित मित्तल के खिलाफ रायगढ़ जिले के कई थानों में पहले से ऑनलाइन सट्टा के मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित सोमानी और उसके साथी रायपुर के विभिन्न थानों में सट्टा मामलों में आरोपी रह चुके हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का बयान
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी
- अमित मित्तल – खरसिया
- मोहित सोमानी – समता कॉलोनी, रायपुर
- प्रकाश वाधवानी – आजाद चौक, रायपुर
- आकाश मोटवानी – मौदहापारा, रायपुर
- राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू – तेलीबांधा, रायपुर
- सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू – आजाद चौक, रायपुर
जब्त सामग्री
▪️10 मोबाइल फोन
▪️डिजिटल सट्टा डेटा
▪️हवाला लेनदेन संबंधी डिजिटल साक्ष्य
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर एवं डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में की गई। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

