रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इंटरस्टेट क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इंटरस्टेट क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़


🔴कोलकाता में रेड, 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट साइट 6.50 लाख की संपत्ति जप्त

सीजी न्यूज ऑनलाइन 20 फरवरी 2026। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने कोलकाता के एक होटल में दबिश देकर इंटरस्टेट सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में 5 नामी सटोरियों सहित उनके 2 साथियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 1 कैलकुलेटर और नगदी ₹3,600 सहित करीब 6.50 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।

वर्ल्ड कप मैच पर लग रहे थे करोड़ों के दांव

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि रायगढ़ के फरार स्थायी वारंटी कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग नेटवर्क संचालित कर रहे हैं।

सूचना पर साइबर थाना, कोतवाली एवं चक्रधरनगर की संयुक्त टीम कोलकाता रवाना हुई और हावड़ा के एक होटल में दबिश दी। वहां से स्थायी वारंटी धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूख, रोहित बुटानी सहित अन्य को पकड़ा गया। दो संदेही अंकित सराफ और अजीत विश्वास को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ऑनलाइन ऐप से संचालित हो रहा था नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल के जरिए सटोरियों से संपर्क कर ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग ऐप के माध्यम से वर्ल्ड कप मैचों पर दांव लगवा रहे थे। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच में पिछले एक माह में करोड़ों रुपये के लेन-देन के संकेत मिले हैं।

पहले से थे फरार, जारी था स्थायी वारंट

गिरफ्तार आरोपी पूर्व में दर्ज मामलों में फरार चल रहे थे। थाना कोतवाली और चक्रधरनगर में दर्ज अपराधों में इनके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी था। इस कार्रवाई से कुल 9 स्थायी वारंट की तामिली की गई है।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा कि, “जुआ-सट्टा से जुड़े आरोपी कहीं भी छिपे हों, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। रायगढ़ में जुआ-सट्टा पूरी तरह बंद कराया जाएगा और हर सटोरी को जेल भेजा जाएगा।”

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल रेड कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा कोतवाली, साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस द्वारा आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार सटोरिए/स्थायी वारंटी

  1. धर्मेंद्र शर्मा पिता स्व० देवी प्रसाद शर्मा उम्र 53 वर्ष पता रेल्वे बंगलापारा रायगढ़ चौक थाना कोतवाली रायगढ़ (छ0ग0)
  2. शेख मोहम्मद शाहबाज पिता शेख मोहम्मद शमशेर उम्र 33 वर्ष पता तुर्कापारा चांदनी चौक थाना कोतवाली रायगढ़ (छ0ग0)
  3. मोहम्मद मजहर पिता मोहम्मद जहुर उम्र 35 वर्ष पता चांदनी चौक तुर्कापारा थाना कोतवाली रायगढ़ (छ0ग0)
  4. मोहम्मद फारूख पिता मोहम्मद आशिक उम्र 39 वर्ष पता तुर्कापारा चांदनी चौक रायगढ़ जिला रायगढ़ (छ0ग0)
  5. रोहित बुटानी पिता मुकेश बुटानी उम्र 31 वर्ष पता कच्ची खोली सिंधी कालोनी थाना चक्रधरनगर कोतवाली रायगढ़ (छ0ग0)