*धक्का दे नर्स को गिरा पर्स ले भागे थे बाईक सवार, थान खम्हरिया से उठा लाई पुलिस*

*धक्का दे नर्स को गिरा पर्स ले भागे थे बाईक सवार, थान खम्हरिया से उठा लाई पुलिस*


धक्का दे नर्स को गिरा पर्स ले भागे थे बाईक सवार, थान खम्हरिया से उठा लाई पुलिस

भिलाई नगर, 19 फरवरी। डेढ़ महीने पहले नेहरू नगर गार्डन के पास रात 10 बजे ड्यूटी से लौट रही नर्स की स्कूटी को धक्का मार गिराने के बाद उसका पर्स छीन बाईक से भागने वाले आरोपियों को बेमेतरा के थान खम्हरिया क्षेत्र से पकड़ लिया गया है। इस मामले में नर्स की रिपोर्ट पर 8 जनवरी को सुपेला पुलिस ने धारा 279, 337, 379 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि 8 जनवरी की रात एक महिला ने उसके साथ हुई लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। 8 जनवरी की रात 9 बजे हास्पिटल से शिफ्ट खत्म होने के बाद वह स्कूटी से रात 10 बजे के के करीब जैसे ही योगा गार्डन नेहरू नगर के पास पहुंची, पीछे से दो लड़के बाइक से आये और उसे धक्का मारकर गिरा दिया और पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में मोबाइल और नगद 21 हजार रुपये थे। लगभग एक महीने की जांच के बाद भी आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिलने पर चारों तरफ मुखबिर एक्टिव किए गए। सूचना मिली कि कोसा नगर में एक परिवार के घर घटना के दिन कुछ संदिग्ध लड़के आकर रुके थे। पुलिस ने उस परिवार की तलाश शुरू की। पूछताछ में परिवार के लोगों ने बताया कि थान खम्हरिया बेमेतरा से उसका भांजा संजय यादव (18 वर्ष) और उसका साथी मनीष अंगिरा (25 वर्ष) उनके घर आए थे। पुलिस की एक टीम थान खम्हरिया गई और दोनों लड़कों के बारे में पता किया तो दोनों बाइक मैकेनिक निकले जिनका आना-जाना दुर्ग भिलाई में लगा रहता है तथा वे बदमाश किस्म के हैं। पुलिस ने दोनो संदेहियों पूछताछ की तो उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वो दोनों बाइक का पार्ट्स खरीदने के नाम से दुर्ग-भिलाई पहुंच थे। रात 10 बजे के आसपास अपने मामा के घर की तरफ जा रहे थे तभी एक महिला नेहरू नगर योगा गार्डन के पास अकेली स्कूटी में जाते हुए दिखी। उन्होंने उसे धक्का देकर गिरा दिया और पर्स को छीन कर भाग निकल। बैग में 21 हजार रुपए और मोबाइल था। आरोपियों ने बैग को फेंक दिया और रुपए व मोबाइल को रख लिया और अगले दिन थान खम्हरिया चले गए थे।