🛑 पुरूषोत्तम के नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में दिखा गजब उत्साह
भिलाई नगर, 05 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के भिलाई जिलाध्यक्ष के लिए आज सुपेला कार्यालय में हुई बैठक में पर्यवेक्षक सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों ने दिल्ली से आया बंद लिफाफा खोला तो भीतर एक ही नाम निकला – पुरूषोत्तम देवांगन। हालांकि इस पद के लिए दर्जन भर दावेदार थे लेकिन अनेक प्रक्रियाओं और सलाह मशविरे के बाद केवल 7 नाम सूची में शामिल हो रायपुर प्रदेश संगठन तक पहुंचे। यहां गहन विमर्श और चिंतन बैठक में जो सूची छन कर बाहर आई उसमें केवल 3 नाम बचे जो कि मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। एक नाम था वर्तमान जिलाध्यक्ष महेश वर्मा का, जिनका कार्यकाल काफी बचा हुआ था। दूसरा नाम था अहिवारा नेता नटवर ताम्रकार का और तीसरा नाम भिलाई सुपेला निवासी पुरूषोत्तम देवांगन का। दिल्ली में जब मंथन हुआ तो संगठन स्तर पर पृष्ठभूमि खंगालते हुए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं से भी राय ली गई जिसमें पुरूषोत्तम देवांगन का नाम तय हो लिफाफे में बंद कर वापस छत्तीसगढ़ भेज दिया गया। आज यही बंद लिफाफा जब भिलाई भाजपा कार्यालय में खुला तो कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी ने फूल मालाओं से नये जिलाध्यक्ष को लाद दिया, चारों तरफ आतिशबाजी और मिठाइयां बंटने लगी हैं।

