दुर्ग, 27 अप्रैल 2027। जिले में “शुद्ध दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान का आगाज हो गया है। यह अभियान 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके पहले ही दिन खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने व्यापक निरीक्षण कर सख्त संदेश दिया है।अभियान के तहत औषधि एवं खाद्य दोनों शाखाओं द्वारा जिलेभर में दवाओं, कॉस्मेटिक उत्पादों और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इस दौरान अस्पतालों, मेडिकल स्टोर्स, कॉस्मेटिक दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड सेंटर, डेयरी, जूस, आइसक्रीम और पैकेज्ड पानी विक्रेताओं की सघन जांच शामिल है।
औषधि शाखा की कार्रवाई
औषधि शाखा द्वारा इंदिरा मार्केट दुर्ग, नेहरू नगर और पावर हाउस भिलाई क्षेत्र में संचालित 7 कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान किसी भी दुकान में एलोपैथिक दवाओं का अवैध भंडारण नहीं पाया गया। साथ ही व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि वे केवल अधिकृत एजेंसियों से ही बिल के साथ कॉस्मेटिक सामग्री खरीदें और सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखें।
खाद्य शाखा की कार्रवाई
खाद्य शाखा की टीम ने चाट, गुपचुप, जूस सेंटर और अन्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान संचालकों को साफ पेयजल का उपयोग करने, अखाद्य रंगों से परहेज करने, स्वच्छता बनाए रखने और डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने बताया कि यह अभियान आम नागरिकों को शुद्ध खाद्य एवं सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में जांच और सख्त की जाएगी

