दुर्ग से बरौनी के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में भी बढ़ाई जाएगी कोच की सुविधा

दुर्ग से बरौनी के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में भी बढ़ाई जाएगी कोच की सुविधा


सीजी न्यूज ऑनलाइन, 04 नवंबर 2026। दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग और बरौनी के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाने वाली इस ट्रेन से छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में मदद मिलेगी।

गाड़ी संख्या 08755 दुर्ग-बरौनी पूजा स्पेशल प्रत्येक बुधवार 4, 11 और 18 नवंबर को दुर्ग से सुबह 10.30 बजे रवाना होगी। रायपुर में 11.15 बजे पहुंचकर 11.20 बजे, भाटापारा में 12.12 बजे पहुंचकर 12.14 बजे और बिलासपुर में दोपहर 1.15 बजे पहुंचकर 1.25 बजे रवाना होगी। इसके बाद चांपा में 2.14 बजे और रायगढ़ में 3.08 बजे पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 11 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 08756 बरौनी-दुर्ग स्पेशल प्रत्येक गुरुवार 5, 12 और 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे बरौनी से रवाना होगी। रायगढ़ में अगले दिन 12.25 बजे, चांपा में 1.35 बजे और बिलासपुर में 3.55 बजे पहुंचेगी। यहां से शाम 4.05 बजे रवाना होकर भाटापारा में 7.10 बजे और रायपुर में रात 9.05 बजे पहुंचेगी। दुर्ग पहुंचने का समय रात 11.05 बजे निर्धारित है।

इस ट्रेन का ठहराव रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़ के अलावा झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मूरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, धनबाद, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा और किऊल में भी होगा। ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें 13 एसी-3, तीन स्लीपर, दो जनरल और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

इसके अलावा रेलवे ने गाड़ी संख्या 18030 शालीमार-एलटीटी में 5 से 8 नवंबर और वापसी की गाड़ी 18029 एलटीटी-शालीमार में 7 से 10 नवंबर तक एक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाने का निर्णय लिया है। इसी तरह शालीमार-एलटीटी में 9 से 11 नवंबर और एलटीटी-शालीमार में 11 से 13 नवंबर तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच उपलब्ध कराया जाएगा