🔴ACB की ट्रैप कार्रवाई, किरारी शासकीय स्कूल में दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा
सीजी न्यूज़ ऑनलाइन, 03 सितंबर 2026। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्राचार्या और बाबू को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्राचार्या अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह शामिल हैं।
एसीबी के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 मनीष राठौर ने शिकायत की थी कि परिवीक्षा अवधि समाप्त होने के बाद वर्ष 2025 में उसका नियमितीकरण हुआ था। वर्ष 2022 से जून 2026 तक की वेतन वृद्धि का करीब 80 हजार रुपये एरियर उसे मिलना था।
शिकायत के मुताबिक एरियर की राशि निकालने के एवज में स्कूल की प्राचार्या अंजुला सोनी ने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में प्रार्थी के निवेदन पर प्राचार्या 10 हजार रुपये लेने के लिए सहमत हो गई।
रिश्वत नहीं देना चाहता था प्रार्थी
प्रार्थी मनीष राठौर रिश्वत देने के बजाय आरोपियों को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। उसने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में की। शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने 3 सितंबर को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
निर्धारित योजना के तहत प्रार्थी द्वारा आरोपियों को 10 हजार रुपये रिश्वत दिए जाने के दौरान एसीबी की टीम ने प्राचार्या अंजुला सोनी और उनके सहयोगी बाबू विकास मसीह को रंगे हाथों पकड़ लिया।
दोनों के खिलाफ मामला दर्ज
एसीबी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में एसीबी द्वारा आगे की जांच जारी है।

