भिलाई नगर, 26 मई। भिलाई के बैकुंठ नगर कैम्प-2 निवासी श्रीमती सुनीता आहूजा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” और “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम की फैन हैं। आज जब डाकिया उनके घर प्रधानमंत्री कार्यालय से पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र देने आया तो श्रीमती सुनीता काफी खुश दिखीं।

उन्होंने बताया कि पति चंदू लाल आहूजा मूलतः बिजनेसमैन हैं तथा उनकी बेटियां विशाखा और ख्वाहिश केपीएस की छात्रा हैं तथा उन्होंने भी पीएम मोदी की परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को स्कूल में सुना और दोनों बेहतर अंकों के साथ उत्तीर्ण हुईं हैं। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में अभिभावक के रूप में सुनीता की उत्साहजनक भागीदारी के आलावा आकाशवाणी के मन की बात फीडबैक सर्वे में भी उन्होंने भाग लिया था। फीडबैक सर्वे में पूछी गई संपूर्ण जानकारी उनके द्वारा दी गई श्रीमती आहूजा ने बताया कि वह नियमित रूप से मन की बात कार्यक्रम को सुनते आ रही हैं । उनकी यह भागीदारी बच्चे के भविष्य के प्रति सजगता और युवा पीढी के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान खोजने की दिशा में गंभीरता को दर्शाती है।

सुनीता को भेजे अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा है कि मुझे विश्वास है कि एक मार्गदर्शक और अभिभावक के रूप में बच्चों को आपसे हर अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की प्रेरणा और आत्मविश्वास मिलेगा। उन्होंने लिखा है कि कला से लेकर खेल तक, स्टार्टअप से लेकर तकनीक तक, इंजीनियरिंग से लेकर अंतरिक्ष तक, हमारे युवाओं के पास आज आगे बढ़ने के अनेक विकल्प हैं।

असाधारण कौशल और असीमित ऊर्जा से भरी हमारी युवाशक्ति के लिए अब किसी भी संकल्प की सिद्धि संभव है। अगले 25 वर्षों का अमृत काल एक भव्य व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में जी जान से कार्य करने का कर्तव्य काल है। यह स्वर्णिम काल न केवल हमारे युवाओं के जीवन, बल्कि देश के भविष्य को भी आकार देगा। मुझे विश्वास है कि हमारे सामूहिक संकल्प और एकजुट प्रयास देश की विकास गाथा को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे।


