Prateek Yadav : कैसा था प्रतीक यादव और अखिलेश यादव का रिश्ता?

Prateek Yadav : कैसा था प्रतीक यादव और अखिलेश यादव का रिश्ता?


🔴सगे नहीं सौतेले भाई थे दोनों, पत्नी बीजेपी में हो गई थी शामिल

सीजी न्यूज ऑनलाइन, 13 मई 2026। Prateek Yadav : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का आज निधन हो गया, वो 38 साल के थे। प्रतीक यादव राजनीति में तो नहीं थे, लेकिन राजनीतिक गलियारों में उनकी चर्चा होती रहती थी। दो वजहें थीं, पहला तो वो उस मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक परिवार से थे, जिनका यूपी की राजनीति में धाक रहा है, दूसरा उनकी पत्नी अपर्णा यादव (Aparna Yadav), मुलायम सिंह के जीवित रहते ही सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गईं थीं। अपर्णा का बीजेपी में जाने का कारण तब अखिलेश यादव ही बताए गए थे।

प्रतीक यादव और अखिलेश यादव का रिश्ता

अखिलेश यादव और प्रतीक यादव थे तो भाई, लेकिन सौतेले। अखिलेश यादव, मुलायम सिंह की पहली पत्नी मालती देवी के पुत्र हैं, वहीं प्रतीक यादव की मां मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता थीं। प्रतीक यादव कभी राजनीति में नहीं आए, राजनीति में परिवार के उत्तराधिकारी अखिलेश यादव ही रहें। प्रतीक यादव बिजनेस और फिटनेस को अपनी दुनिया बनाए हुए थे।

पत्नी की राजनीति में एंट्री और बिगड़े रिश्ते

प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव से शादी की थी। अपर्णा की राजनीति में एंट्री ने परिवार को बांट दिया। अपर्णा पहले सपा में रही, लेकिन यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले वो समाजवादी पार्टी छोड़, बीजेपी में शामिल हो गईं। मुलायम परिवार के लिए ये दूसरा बड़ा झटका था, क्योंकि मुलायम के भाई शिवपाल यादव भी 2018 में सपा से नाता तोड़कर अलग पार्टी बना चुके थे। सार्वजनिक तौर पर न तो कभी अखिलेश यादव ने अपने भाई के लिए बुरा बोला और न ही प्रतीक यादव ने। लेकिन दोनों के रिश्ते के बीच राजनीति की कड़वाहट आ चुकी थी। प्रतीक धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन से ही गायब होने लगे।

कुछ समय पहले पत्नी पर लगाए थे गंभीर आरोप

प्रतीक यादव ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर पत्नी अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। तलाक लेने की बात कही थी। प्रतीक ने तब अपर्णा यादव को काफी कुछ कहा था। परिवार से रिश्ते तोड़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया था। प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव को स्वार्थी और परिवार को बर्बाद करने वाला बताया था। बाद में कहा गया कि प्रतीक की आईडी हैक कर ली गई थी, अपर्णा ने कहा था कि उनका अपने पति प्रतीक यादव के साथ रिश्ते ठीक हैं। कुछ लोग रिश्ते में दरार डालने की कोशिश कर रहे हैं।