भिलाई में ट्रक-बैटरी चोर गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई में ट्रक-बैटरी चोर गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार


🛑BSP गेट, बोरिया गेट और चाइना मार्केट के आसपास खड़े ट्रक-ट्रेलर थे निशाने पर

🛑₹2 लाख का माल जब्त; चोरी की बैटरियां खरीदने-बेचने वालों पर भी कार्रवाई

भिलाईनगर, 16 अक्टूबर 2026 । भिलाई में खड़े ट्रकों और ट्रेलरों की बैटरियां चुराने वाले गिरोह पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 19 बैटरियां बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। सभी आरोपियों को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

ट्रकों को बनाते थे निशाना, कई इलाकों में फैला था चोरी का दायरा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बीएसपी क्षेत्र के मेन गेट जाने वाले मार्ग, बोरिया गेट और चाइना मार्केट के आसपास खड़े ट्रकों एवं ट्रेलरों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही वाहनों की बैटरियां निकालकर चोरी कर लेते थे। इसके बाद चोरी की बैटरियों को बेचने के लिए ग्राहक तलाशे जाते थे। मामले में चोरी की संपत्ति खरीदने और बेचने में कथित रूप से शामिल लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई।

एक बैटरी चोरी की शिकायत से खुला मामला

मामले की शुरुआत 15 अक्टूबर को दर्ज शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 14 अक्टूबर को उसने एचटीसी प्राइवेट कंपनी का ट्रक क्रमांक CG 04 NJ 2317 मुर्गा चौक, सेक्टर-1 स्थित ओवरब्रिज के नीचे खड़ा किया था। अगले दिन सुबह ट्रक की जांच करने पर उसकी बैटरी गायब मिली।

शिकायत पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध चोरी की बैटरियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर अन्य संदिग्धों की भूमिका सामने आई और पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

19 बैटरियां और दो वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर कुल 19 बैटरियां बरामद कीं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG 07 CJ 1689 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BD 0749 भी जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—

  1. वेदप्रकाश शुक्ला उर्फ मुलायम (28 वर्ष), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, शीतला तालाब के पास, भिलाई।
  2. आदर्श सिंह (28 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, उमदा, भिलाई।
  3. जसबीर सिंह (52 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, जामुल।
  4. अरविन्द सोनकर उर्फ बाहूबली (26 वर्ष), निवासी टाटा लाइन, कैम्प-2, भिलाई।
  5. लुकेश कुमार ओगरे (28 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, उमदा, भिलाई।
  6. विकास (30 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, उमदा, भिलाई।

पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी के थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, एम. कृष्णा राव, किशोर पॉल तथा आरक्षक आशीष प्रसाद और अमित सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें और बैटरी सहित अन्य कीमती उपकरणों की नियमित जांच करें। पुलिस ने चोरी की संपत्ति को बिना वैध दस्तावेजों के खरीदने-बेचने से बचने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।